दौर में समझा दर्द : मुख्यमंत्री ने किसानों को गले लगाया-ढांढस बंधाया और कहा सरकार देगी हर संभव मदद
⚫ प्रभावित फसलों का जायजा लेने पहुँचे खेतों में मुख्यमंत्री डॉ. यादव
⚫ मुख्यमंत्री ने कहा हर खेत में होगा सर्वे
हरमुद्दा
रतलाम 12 सितंबर। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव शुक्रवार रतलाम दौरे पर थे। जिले की सैलाना तहसील के करिया गाँव में अतिवृष्टि एवं पीला मोजेक से प्रभावित फसलों को देखा और किसानों के दर्द को समझा। मुख्यमंत्री ने किसानों को गले लगाया। ढांढस बंधाया और कहा सरकार हर संभव मदद देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान मनोहर लाल मालवीय और राधेश्याम पाटीदार के खेतों में जाकर सोयाबीन की फसल का जायजा लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संकट से किसानों को उबारेगी।
हर खेत का सर्वे कर किसानों को दिलाएंगे मुआवजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अतिवृष्टि से जहाँ भी फसलों को नुकसान हुआ है, वहाँ हर खेत का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। किसान भाई चिंता न करें, राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
किसान चौपाल में किया संवाद : किसानों के प्रति केंद्र और राज्य सरकार संवेदनशील

खेतों में फसल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान चौपाल में किसान भाइयों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति केन्द्र एवं प्रदेश सरकार संवेदनशील है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के हित के लिए किसान सम्मान निधि दी जा रही है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी किसानों को सहायता राशि दी जा रही है। प्रदेश के 30 लाख किसानों को सोलर पंप प्रदान किए जाएंगे। गायों के लिए गौ शालाएं बनाई गई है जिससे निराश्रित गाय खेतों को नुकसान नहीं पहुंचा सकें। किसान भाई जरा भी चिंता न करें, सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे क्षेत्र में जहां भी नुकसान हुआ है हर खेत का पारदर्शिता के साथ पूरा सर्वे होगा।
कलेक्टर को दिए सर्वे करने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर को खराब हुई फसलों का सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। किसानों की मांग पर ग्राम रियावन से ग्राम कालूखेड़ा की सड़क बनाने की घोषणा भी की।
यह थे मौजूद
भ्रमण के दौरान जिले के प्रभारी एवं जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रसादी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डे, पूर्व विधायक संगीता चारेल, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभुलाल चंद्रवंशी, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
Hemant Bhatt