अवैध खटकेदार चाकू के साथ दो सगे भाइयों सहित तीन गिरफ्तार

अवैध खटकेदार चाकू के साथ दो सगे भाइयों सहित तीन गिरफ्तार

⚫ एक ही इलाके से धरे गए दो सगे भाई

⚫ रतलाम में त्योहारों पर पुलिस का कड़ा पहरा

⚫ असामाजिक तत्वों पर शिकंजा

हरमुद्दा
​रतलाम, 18 अक्टूबर। नवरात्रि उत्सव और आगामी त्योहारों के मद्देनजर रतलाम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा करते हुए असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध धारदार खटकेदार चाकुओं के साथ दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं।


​एक ही इलाके से धरे गए दो सगे भाई

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग कर रही है। मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर पुलिस ने टैंकर रोड (नयागांव रोड) पर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो सगे भाइयों को दबोचा।

​पहली कार्रवाई: पुलिस ने प्रवेश उर्फ प्रिन्स (28 वर्ष), निवासी नयागांव राजगढ़ को एक लोहे के धारदार खटकेदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 913/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। (जब्त चाकू की अनुमानित कीमत ₹200)

दूसरी कार्रवाई: ठीक उसी स्थान पर दूसरी कार्रवाई करते हुए प्रवेश के भाई पंकज उर्फ वंश ( 26 वर्ष) को भी एक लोहे के धारदार खटकेदार चाकू के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 914/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। (जब्त चाकू की अनुमानित कीमत ₹100)

​तीसरी कार्रवाई: 80 फीट रोड से एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
​त्योहारी सीजन में शहर की सुरक्षा में सेंध लगाने की फिराक में घूम रहे बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए पुलिस टीम ने 80 फीट रोड से तीसरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवदीप पिता अमरसिंह कुशवाह (34 वर्ष), निवासी सज्जन मिल की चाल को एक काले रंग के धारदार खटकेदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 915/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। (जब्त चाकू की अनुमानित कीमत ₹300)।

​पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील

​थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित कुमार कोरी के नेतृत्व में हुई इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सरदारसिंह परमार, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप खाती, प्रधान आरक्षक ध्रुवसिंह चौहान और चीता व अन्य आरक्षकों की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

तुरंत दें पुलिस को सूचना

​रतलाम पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अवैध हथियार लेकर घूमने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारधारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।