पुलिस चेकिंग : रतलाम के रोहित, वरुण, अबरार, दीपेश, जितेंद्र के कब्जे से मिले पिस्तौल और कारतूस
⚫ थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की कार्रवाई
⚫ आर्म्स एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
हरमुद्दा
रतलाम, 19 जून।नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने रतलाम के रोहित, वरुण, अबरार, दीपेश, जितेंद्र को दो अवैध पिस्टल, 06 जिंदा कारतूस एवं दो वाहनों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। हथियारों के वैध दस्तावेज दिखा पाए और न ही वाहन के लाइसेंस दिखाएं।

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से एक पल्सर मोटरसाइकिल एवं एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार कुल छह युवक तेज गति से आते दिखाई दिए।
तलाशी के दौरान मिला सब कुछ
पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली। तलाशी के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल चला रहे आरोपी रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन तथा 04 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसी प्रकार एक्टिवा स्कूटी चला रहे आरोपी जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू की कमर से एक अवैध पिस्टल मय मैगजीन एवं 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

आरोपी नहीं दिखा पाए वैध दस्तावेज
आरोपियों से हथियारों के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वे कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सके तथा पूछताछ में एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। वाहन चालकों के पास वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाए गए।

आरोपियों को गिरफ्तार कर किया प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मौके पर दोनों अवैध पिस्टल, 06 जिंदा कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल एवं एक्टिवा स्कूटी विधिवत जप्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 39/192 एवं 146/196 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
⚫ रोहित उर्फ कृष्णा पिता नरेन्द्र माली (19 वर्ष), निवासी मंडले कॉलोनी, राऊ जिला इंदौर, हाल मुकाम विनोबा नगर, रतलाम
⚫ वरुण उर्फ बंटी पिता नन्दकिशोर भार्गव (23 वर्ष), निवासी ग्राम बाजनखेड़ा, थाना स्टेशन रोड, रतलाम
⚫ अबरार हुसैन पिता जाकिर हुसैन (26 वर्ष), निवासी पीएनटी कॉलोनी, गली नं. 02, रतलाम
⚫ जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू पिता राजेन्द्र सिंह सोलंकी (34 वर्ष), निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम
⚫ दीपेश उर्फ छोटा गोलू पिता अशोक पाल (22 वर्ष), निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम
⚫ दीपांशु पिता गोपाल डाबी मालवीय (20 वर्ष), निवासी ग्राम भामल, थाना थांदला, जिला झाबुआ
यह किया जब्त
⚫ 02 अवैध लोहे की पिस्टल (मैगजीन सहित)
⚫ 06 जिंदा कारतूस (7.65 बोर)
⚫ 01 पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-ZJ-7000
⚫ 01 एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP-ZH-0933
⚫ कुल अनुमानित कीमत : लगभग ₹1,80,000/-*
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, आरक्षक इमरान खान, पवन मेहता, कान्हा, रविराज सिंह, मोहन चौहान, रवि चंदेल, राजेश सेंगर, अर्जुन खींची, किशन, चालक मयंक की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
Hemant Bhatt