पुलिस कार्रवाई : अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी पुत्र, सहयोगी पिता और मामा को किया गुजरात से गिरफ्तार
⚫ मामला जनवरी 2026 का
⚫ आदिवासी अंचल से नाबालिग बालिका का किया था अपहरण
⚫ मोटरसाइकिल सहित जेवर भी किए जब्त
हरमुद्दा
रतलाम, 4 मई। जिले के आदिवासी अंचल शिवगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की है। गलत काम के लिए बढ़ावा देने वाले कलयुगी पिता और मामा के साथ मुख्य आरोपी पुत्र को गुजरात से गिरफ्तार किया है। वहीं नाबालिग बालिका को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना शिवगढ़ पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर नाबालिग बालिका को गुजरात के भुज से सुरक्षित आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया किया गया। पीड़िता के कथन एवं मेडिकल परीक्षण के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(2)(m), 142 बीएनएस एवं 5/6, 5(j)(ii) पोक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।

पुत्र का सहयोग किया पिता और मामा ने
जांच के दौरान मुख्य आरोपी अनिल पिता जीवणा देवदा (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम माल्दाखेड़ी थाना शिवगढ़ को गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी के सहयोगी पिता जीवणा उर्फ जीवन देवदा (उम्र 53 वर्ष) एवं मामा गौतम कटारा (उम्र 36 वर्ष), निवासी खेरियारूण्डी, थाना रावटी को भी पृथक-पृथक गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय पोक्सो एक्ट, रतलाम के समक्ष पेश किया।
यह हुआ था घटनाक्रम
मामला 18 जनवरी 2026 का है। थाना शिवगढ़ क्षेत्र के फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री को 14 जनवरी 2026 को शाम लगभग 05:30 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले गए। इस संबंध में थाना शिवगढ़ पर अपराध क्रमांक 011/2026 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मोटरसाइकिल और जेवर जब्त
अपहरण में प्रयुक्त की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-EK-6614 (कीमत लगभग ₹50,000/-), पीड़िता का कमर का चांदी का छल्ला एवं हाथ की चांदी की चूड़ी (कीमत लगभग ₹20,000/-) को जब्त किया है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक अमित त्यागी, दिनेश खीची, आरक्षक मनीष खराड़ी, रावजी गणावा, नितेश नलवाया, शैतान खड़िया एवं पुलिस टीम का सराहनीय भूमिका रही।
Hemant Bhatt