खेल सरोकार : शेरपुर की वैष्णवी शर्मा ने खेलो इंडिया प्रतियोगिता जीता कांस्य पदक

खेल सरोकार : शेरपुर की वैष्णवी शर्मा ने खेलो इंडिया प्रतियोगिता जीता कांस्य पदक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री  मोहन यादव ने किया वैष्णवी शर्मा का सम्मान 

⚫ मार्शल आर्ट में वैष्णवी ने हासिल किया कांस्य पदक

⚫ बिहार में आयोजित हुई है खेलो इंडिया प्रतियोगिता

हरमुद्दा के लिए संजय भट्ट
रतलाम/पिपलौदा, 15 मई। तहसील के छोटे से ग्राम शेरपुर की बालिका वैष्‍णवी शर्मा ने अपनी प्रतिभा के बल पर गांव और प्रदेश का नाम राष्‍ट्रीय स्‍तर पर रोशन किया है। प्रभाशंकर शर्मा की पौत्री तथा जय शर्मा की पुत्री वैष्‍णवी ने बिहार में आयोजित खेलो इंडिया की गतका मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में कांस्‍य पदक प्राप्‍त किया है।

वैष्णवी की इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्साहवर्धन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन कर मार्शल आर्ट को बढ़ावा देने के लिए बालिका का सम्‍मान किया। वैष्‍णवी ने बताया कि खेल के साथ ही वह इस वर्ष विद्यांजलि इंटरनेशनल स्‍कूल इन्‍दौर से सी.बी.एस.ई.द्वारा आयोजित कक्षा 12 की परीक्षा 85 प्रतिशत अंको के साथ उत्‍तीर्ण की है।

पंजाब में हुई प्रतियोगिता में किया था प्रथम स्थान प्राप्त


जय शर्मा ने बताया कि विद्यालय स्‍तर पर मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण प्राप्‍त करने के उपरांत वैष्‍णवी ने जिला तथा प्रदेश स्‍तर पर श्रेष्‍ठ प्रदर्शन के आधार पर संगरूर (पंजाब) में आयोजित राष्‍ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता करते हुए प्रथम स्‍थान प्राप्‍त किया था। इसी आधार पर शासन की खेलो इंडिया प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। बिहार में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंतिम मुकाबले में कांस्‍य पदक प्राप्‍त किया।

न केवल खेल अपितु सुरक्षा का कवच भी

प्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने इसे प्रदेश के लिए उपलब्धि बताते हुए वैष्‍णवी का शाल ओढ़ा कर सम्‍मान किया। ग्राम शेरपुर के जीवनसिंह शेरपुर ने बताया कि गतका मार्शल आर्ट न सिर्फ एक खेल है, बल्कि बालिकाओं की सुरक्षा का महत्‍वपूर्ण कवच भी है। यह खेल सिखों की एक पारंपरिक युद्ध कला है, जो पंजाब क्षेत्र से जुड़ी है। यह एक छड़ी लड़ाई की शैली है, जिसमें तलवारों की नकल करने के लिए लकड़ी की छड़ियों का उपयोग किया जाता है। गतका को अब एक खेल के रूप में भी मान्यता प्राप्त है और इसे धार्मिक उत्सवों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी प्रदर्शित किया जाता है।