सौतेली मां : दूसरी पत्नी के कहने पर पहली पत्नी के बेटे पर पिता ने चलाई गोली

⚫ हाथ और पैर में लगी बेटे को गोली
⚫ सौतेली मां और पिता हुए फरार
हरमुद्दा
जबलपुर, 26 जून। दूसरी पत्नी के कहने पर पिता ने पहली पत्नी के बेटे पर गोली चला दी। बेटे के हाथ और पैर में गोली लगी है। दूसरी पत्नी का कहना था कि यदि यह जिंदा रहा तो संपत्ति में हक मांगेगा। घायल बेटे ने थाने में सौतेली मां और पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। घटना के बाद से बेटे की सौतेली मां और पिता फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मामला यहां के विजय नगर थाना अंतर्गत ग्राम कचनारी में बुधवार- गुरुवार की रात का है। पुत्र आकाश का आरोप है कि उसके पिता ने सौतेली मां के उकसावे में आ कर उस पर गोली चला दी। गोली बेटे आकाश के हाथ और पैर में लगी है। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायल आकाश की शिकायत पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने उसके पिता हेमचंद पटेल और सौतेली मां के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से दोनों फरार हैं।
आधी रात को पिता ने बुलाया गांव के घर
घायल आकाश ने बताया कि बुधवार की रात पिता ने उसे कॉल किया और घर पर बुलाया। दीनदयाल चौक में रहने वाला आकाश रात करीब 1 बजे बाइक से पिता के पास कचनारी गांव पहुंचा, तो वहां सौतेली मां भी मौजूद थी।
सौतेली मां ने पिता को दी पिस्टल लाकर
आकाश का आरोप है कि सौतेली मां कमरे में गई और पिस्टल लाकर पिता को दे दिया। वह कह रही थी, 'इसे खत्म कर दो, जिंदा रहेगा तो परेशान करेगा, हक मांगेगा।' इसके बाद पिता ने पहले हाथ में गोली मारी। जब आकाश भागने लगा तो दूसरी गोली उसके पैर में मारी।
आकाश का चल रहा उपचार, खतरे से बाहर
थाना प्रभारी ने बताया कि देर रात घायल युवक थाने आया था। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। युवक ने बताया कि पिता ने सौतेली मां के साथ मिलकर उस पर हमला किया। जांच जारी है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। फिलहाल युवक का इलाज जारी है, वह खतरे से बाहर है।