कार्रवाई : शिक्षा विभाग का घूसखोर बाबू अनिल वर्मा लोकायुक्त के शिकंजे में
⚫ सेवानिवृत शिक्षक का पीपीओ जारी करने के लिए मांगे ₹10000
⚫ शिकायत पर लोकायुक्त ने की कार्रवाई
हरमुद्दा
रतलाम, 9 जून। जिले के जावरा में शिक्षा विभाग का बाबू अनिल वर्मा लोकायुक्त के शिकंजे में फंस गया है। बाबू द्वारा सेवानिवृत शिक्षक का पीपीओ जारी करने के एवज में ₹10000 की रिश्वत मांगी थी। सेवा निवृत्त शिक्षक की शिकायत पर उक्त कार्रवाई हुई।

मिली जानकारी के अनुसार जावरा के विश्राम गृह के पीछे निवास करने वाले सेवानिवृत शिक्षक लक्ष्मीनारायण लोट ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू जावरा द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने बनाई योजना
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में ट्रैप योजना बनाई गई। लोकायुक्त दल के डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम ने योजना बद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल वर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

ऐसा किया घूसखोर बाबू ने
लोकायुक्त के अनुसार आरोपी ने रिश्वत की राशि अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे। रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी। टीम ने मौके से उक्त राशि जब्त की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Hemant Bhatt