उपलब्धि सरोकार : औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सोनी डीएसपी पद पर पदोन्नत
⚫ एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन ने किया अभिनंदन
⚫ 20 साल बाद पुनः रतलाम में सेवाएं और प्रमोशन का गौरव
हरमुद्दा
रतलाम, 15 जुलाई। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में अपनी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के लिए पहचानी जाने वालीं रतलाम औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी को पुलिस उप अधीक्षक (DSP) पद पर पदोन्नत किया गया है। इस प्रमोशन के बाद बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुँचकर नवनियुक्त डीएसपी श्रीमती सोनी का एसोसिएशन की ओर से भव्य सम्मान और अभिनंदन किया।

20 साल बाद पुनः रतलाम में सेवाएं और प्रमोशन का गौरव
एसोसिएशन के तरणी प्रकाश व्यास ने हरमुद्दा को बताया कि श्रीमती सोनी ने अपने पुलिस करियर की शुरुआत वर्ष 1999 में पन्ना जिले से सब इंस्पेक्टर के रूप में की थी। पन्ना और झाबुआ में अपनी उत्कृष्ट सेवा देने के बाद वे वर्ष 2002 में रतलाम महिला थाना प्रभारी बनीं और 2006 तक लगातार इस पद पर रहकर महिला सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों के लिए सराहनीय कार्य किए। इसके बाद उन्होंने इंदौर, बालाघाट, जबलपुर, कटनी, उज्जैन, इंदौर और खंडवा जैसे कई संवेदनशील जिलों में अपनी सेवाएं दीं। ठीक 20 साल बाद वे पुनः रतलाम में पदस्थ हुईं, जहाँ वर्तमान में वे थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं।

वीरता और सेवा पदकों से सुशोभित है कार्यकाल
अपने पूरे सेवाकाल के दौरान श्रीमती सोनी को उनके उत्कृष्ट और साहसिक कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है, जिनमें प्रमुख रूप से दुर्गम सेवा पदक, आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक, सिंहस्थ 2004 डिस्क (उज्जैन सिंहस्थ में विशेष सेवा के लिए), सिंहस्थ 2016 ज्योति पदक, कर्मवीर योद्धा पदक (कोरोना महामारी के संकटकाल में अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा देने के लिए) प्रमुख है।

सम्मान समारोह में यह रहे उपस्थित
बुधवार को थाने में आयोजित गरिमामयी सम्मान समारोह के दौरान एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. के. चैचानी, महेंद्र डोडिया, किशोर चौधरी, अशोक माहेश्वरी, अरुण चोपड़ा, प्रसाद प्रभु, संजय शोचे, रवींद्र सिंह ठाकुर, विमल मारू, राजऋषि दुबे, प्रमोद राघव तथा देवानंद खत्री सहित कई गणमान्य साथी उपस्थित रहे। सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती सोनी जैसी कर्मठ अधिकारी का डीएसपी पद पर पदोन्नत होना पूरे पुलिस महकमे और समाज के लिए गर्व की बात है।
Hemant Bhatt