रतलाम में उद्योग 4.0 की दस्तक
मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य को बदलने वाली परियोजना है। आधुनिक रोबोटिक तकनीक और बुनियादी ढांचे का यह मेल न केवल बड़े राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर भी खोलेगा।"
⚫1,466 हेक्टेयर के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क में जापानी-चीनी रोबोटिक तकनीक तैनात
⚫ 80% स्थानीय युवाओं को रोजगार
हरमुद्दा
रतलाम, 26 अगस्त। रतलाम जिले को देश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने के लिए विकसित किया जा रहा ‘मेगा इंडस्ट्रियल पार्क’ (स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप) अब आधुनिक तकनीक और स्थानीय रोजगार का एक सशक्त केंद्र बन रहा है। 1,466.679 हेक्टेयर में फैले इस निवेश क्षेत्र में जापान और चीन की अत्याधुनिक रोबोटिक मशीनों से औद्योगिक कार्य शुरू हो चुके हैं, जो रतलाम के औद्योगिक विकास को एक नई पहचान दे रहे हैं।

निरीक्षण करते कलेक्टर व अन्य
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPIDC) उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ के साथ पार्क का व्यापक दौरा कर यहां चल रही तकनीकी प्रगति, बुनियादी ढांचे और रोजगार सृजन की समीक्षा की।
आधुनिक तकनीक और रोबोटिक्स से बढ़ी सटीकता
पार्क में स्थापित औद्योगिक इकाइयों में जापान और चीन से आयातित रोबोटिक मशीनों का उपयोग विभिन्न प्रकार की फिटिंग और भारी औद्योगिक प्रक्रियाओं के लिए किया जा रहा है। इन मशीनों से उत्पादन की गति, दक्षता और सटीकता में कई गुना वृद्धि हुई है, जिससे रतलाम वैश्विक मानकों वाले निर्माण का केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
80% स्थानीय युवाओं को रोजगार, फुजियामा सोलर का सराहनीय मॉडल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने फुजियामा सोलर प्लांट की कार्यप्रणाली और उत्पादन गतिविधियों का जायजा लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि इकाई में 80 प्रतिशत से अधिक रोजगार स्थानीय युवाओं को दिया गया है। कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्थानीय सशक्तिकरण का बेहतरीन मॉडल बताया।
LNJ Green PET प्लांट का निर्माण अंतिम चरण में
कलेक्टर ने LNJ Green PET के निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण कर उत्पादन शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक अधोसंरचना (बिजली, पानी, सड़क) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि नए निवेश को तेजी से धरातल पर उतारा जा सके।
रतलाम मेगा इंडस्ट्रियल पार्क: एक नज़र में
⚫ कुल क्षेत्रफल1,466.679 हेक्टेयर
⚫ शामिल 6 ग्राम जामथून, बिबड़ौद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया एवं सरवानी खुर्द
⚫ मुख्य तकनीक जापान एवं चीन की रोबोटिक मशीनरी (उद्योग 4.0 मानक)
⚫ स्थानीय रोजगार फुजियामा सोलर जैसी प्रमुख इकाइयों में 80% स्थानीय भर्ती
⚫ प्रमुख परियोजना एंफुजियामा सोलर प्लांट, LNJ Green PET प्लांट, पलसोड़ी निवेश क्षेत्र
पलसोड़ी में अधोसंरचना विकास पर जोर
ग्राम पलसोड़ी में विकसित हो रहे निवेश क्षेत्र का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की प्रगति और जमीनी व्यावहारिक चुनौतियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर कर निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए।
स्वरोजगार के व्यापक अवसर

"मेगा इंडस्ट्रियल पार्क रतलाम के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य को बदलने वाली परियोजना है। आधुनिक रोबोटिक तकनीक और बुनियादी ढांचे का यह मेल न केवल बड़े राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर भी खोलेगा।"
⚫ अजय कटेसरिया, कलेक्टर, रतलाम
Hemant Bhatt