रतलाम में राजस्व मामलों की सुस्ती पर कलेक्टर सख्त

रतलाम में राजस्व मामलों की सुस्ती पर कलेक्टर सख्त

⚫  नामांतरण और बंटवारे की पेंडेंसी पर जताई कड़ी नाराजगी

हरमुद्दा
​रतलाम, 10 अक्टूबर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने लंबित प्रकरणों की स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। विशेष तौर पर नामांतरण और बंटवारे के मामलों में लगातार बनी पेंडेंसी को उन्होंने अत्यंत चिंताजनक बताया है।

बैठक में निर्देश देते हुए कलेक्टर

कलेक्टर ने दो टूक निर्देश दिए हैं कि इन मामलों के निराकरण में अब और ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर इनका त्वरित निपटारा सुनिश्चित करें।

​बैठक की मुख्य बातें और निर्देश

​नामांतरण और बंटवारे पर फोकस

कलेक्टर ने नामांतरण की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक करार देते हुए इसमें तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बंटवारे के लंबित मामलों के निराकरण में भी गति लाने को कहा गया है।

​सीमांकन के 250 प्रकरण

सीमांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष बचे 250 प्रकरणों का तत्काल और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।

विभिन्न योजनाओं और पोर्टल्स की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने साइबर तहसील के कामकाज, राजस्व न्यायालयों के आदेशों के पालन, राजस्व वसूली, और विकास कार्यों के लिए भू-अर्जन की प्रगति की समीक्षा की।

​डिजिटल और आधार सीडिंग

पीएम किसान योजना के तहत ई-केवाईसी, खाता एवं आधार लिंकिंग, तथा फार्मर रजिस्ट्री के लंबित मामलों के साथ-साथ भूमि स्वामियों द्वारा परिमार्जन की स्थिति की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।

​अन्य महत्वपूर्ण मामले

बैठक के दौरान धारणाधिकार, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, मानव अधिकार आयोग में लंबित प्रकरणों तथा मंदिर जीर्णोद्धार के प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सख्त रुख से उम्मीद

प्रशासन के इस सख्त रुख से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में आम जनता से जुड़े राजस्व मामलों के निराकरण में तेजी आएगी और पेंडेंसी में कमी आएगी।