सामाजिक सरोकार : SYS साइक्लोथॉन में दौड़ीं साइकिलें
⚫ रतलाम में स्वास्थ्य और पर्यावरण का संदेश
⚫ शीतल तीर्थ पर हुआ भव्य पौधारोपण
हरमुद्दा
रतलाम, 19 जुलाई। युवाओं को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहर में 'एस वाय एस (SYS) साइक्लोथॉन' का भव्य आयोजन किया गया। डॉ. राहुल पंजाबी के संयोजन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान साइकिल रैली और पौधारोपण जैसे सराहनीय प्रयास किए गए, जिसमें शहर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी
साइकिल रैली का शुभारंभ शहर सराय से हुआ। रैली को डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनगोरिया और रक्षित निरीक्षक मोहन भरावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए 13 किलोमीटर की दूरी तय कर डेलनपुर स्थित प्रसिद्ध शीतल तीर्थ पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर साइकिल चालकों का उत्साहवर्धन किया और भव्य स्वागत किया।
शीतल तीर्थ पर समापन और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

13 किलोमीटर का सफर तय कर रैली शीतल तीर्थ परिसर पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर शीतल तीर्थ परिसर में डीआईजी निमिष अग्रवाल, शीतल तीर्थ अधिष्ठात्री डॉ. सविता जैन, डॉ. राहुल पंजाबी और उपस्थित युवाओं ने मिलकर पौधारोपण किया। पर्यावरण को सहेजने के उद्देश्य से डॉ. जैन ने सभी उपस्थित जनों को रोपे गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल करने की भावपूर्ण शपथ भी दिलवाई। संयोजक डॉ. राहुल पंजाबी ने आभार माना।
यह थे मौजूद
इस पूरे आयोजन के दौरान डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, चिंटू पावेचा, अंकित लिंबोदिया, अभिषेक रावल, गिरिराज राठौड़, शुभम तिवारी, रिक्की जैन, रौनक सोनी सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक और ऊर्जावान युवक-युवतियां मौजूद रहे।संयोजक डॉ. राहुल पंजाबी ने आभार माना।
सबसे बड़ी जरूरत पौधारोपण
"साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और पर्यावरण के संतुलन के लिए पौधारोपण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।"
⚫ निमिष अग्रवाल, डीआईजी
तो पास आएगी और करेगी सुरक्षा
"हम जितना प्रकृति के नजदीक जाएंगे, प्रकृति उतनी ही हमारे नजदीक आएगी और हमारी सुरक्षा करेगी।"
⚫ डॉ. सविता जैन, अधिष्ठात्री (शीतल तीर्थ)
Hemant Bhatt