सामाजिक सरोकार : डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं

सामाजिक सरोकार : डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे ने कहा

⚫ अभिभाषक संघ रतलाम द्वारा मनाई गई डॉक्टर अंबेडकर जयंती

⚫ तभी समरसता और न्याय की स्थापना संभव : कैलाश व्यास

हरमुद्दा
रतलाम, 14 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो समानता, न्याय और मानवाधिकारों की प्रेरणा देती है। न्यायपालिका एवं अभिभाषकों का कर्तव्य है कि वे निष्पक्षता एवं सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

यह विचार जिला न्यायालय की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे ने व्यक्त किए। न्यायाधीश आशापुरे जिला अभिभाषक संघ रतलाम द्वारा अभिभाषक संघ के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। विशेष अतिथि के रूप में रविन्द्र प्रताप सिंह एवं कैलाश व्यास उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत भाषण संघ अध्यक्ष शर्मा द्वारा दिया गया।

तभी समरसता और न्याय की स्थापना संभव

विशेष अतिथि कैलाश व्यास ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मविश्वास का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समरसता एवं न्याय की स्थापना संभव है।

देश को दिया मजबूत संविधान

अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने कहा बाबा साहेब ने अपने ज्ञान, संघर्ष और संकल्प से देश को एक मजबूत संविधान दिया तथा समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने का कार्य किया। अभिभाषकों का दायित्व है कि वे संविधान के मूल्यों की रक्षा करें और उन्हें व्यवहार में उतारें।

इनका किया सम्मान

नवागत न्यायाधीशों एवं नव नियुक्त जिला लोक अभियोजक सुरेश वर्मा, सहायक लोक अभियोजक संजीव सिंह चौहान, सौरभ सक्सेना एवं विवेक उपाध्याय का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

रैली के रूप में पहुंचे स्मारक स्थल

डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर न्यायालय परिसर से बाबा साहेब की स्मारक तक भव्य चल समारोह निकाला गया। स्मारक स्थल पर पहुंचकर संघ पदाधिकारियों एवं अभिभाषकों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह थे मौजूद

कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष शर्मा, उपाध्यक्ष सुनील जैन, सचिव चेतन केलवा, सह सचिव वीरेन्द्र कुलकर्णी, पुस्तकालय सचिव सुनीता वासनवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभाषक उपस्थित रहे। संचालन संघ सचिव चेतन केलवा ने किया। आभार सह सचिव वीरेंद्र कुलकर्णी ने माना।