रतलाम में दर्दनाक हादसा: विंध्यवासिनी कॉलोनी विस्फोट में घायल 16 वर्षीय अंतिम ने ली इंदौर में अंतिम सांस

रतलाम में दर्दनाक हादसा: विंध्यवासिनी कॉलोनी विस्फोट में घायल 16 वर्षीय अंतिम ने ली इंदौर में अंतिम सांस

मां की हालत नाजुक

हरमुद्दा
​रतलाम, 1 सितंबर। शहर की विंध्यवासिनी कॉलोनी में 19 अगस्त की सुबह हुए स्कूटी विस्फोट मामले में बेहद दुखद खबर सामने आई है। भीषण हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 16 वर्षीय किशोरी अंतिम ने मंगलवार को इंदौर में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वहीं हादसे में झुलसी उनकी मां और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदु कुंवर का अभी भी इंदौर के अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की रात विंध्यवासिनी कॉलोनी स्थित घर के अंदर खड़ी रखी स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हो गया था। इस अप्रत्याशित विस्फोट की चपेट में आने से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदु कुंवर और उनकी बेटी अंतिम गंभीर रूप से झुलस गई थीं। दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया था, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद अंतिम ने अंतिम सांस ली। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई थी और काफी सारा सामान स्वाहा हो गया। ज्ञातव्य है कि कुछ महीने पहले ही परिवार विंध्यवासिनी कॉलोनी में रहने आया था। घटना के कुछ दिन पहले ही नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। मां बिंदु कुंवर बचपन से रावटी के समीप गांव तंबोलिया में अपने मामा के यहां रहती थी, वहीं मायका था।

परिवार में शोक का माहौल

​मासूम बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन इंदौर में पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अंतिम का शव लेकर रतलाम के लिए रवाना हो चुके हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरी कॉलोनी में मातम का माहौल है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि स्कूटी में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।