श्रद्धांजलि : धर्म और समाज सेवा का सूर्य अस्त

श्रद्धांजलि : धर्म और समाज सेवा का सूर्य अस्त

रतलाम के प्रसिद्ध समाजसेवी आनंदीलाल मूणत का निधन, शोक की लहर

हरमुद्दा
​रतलाम, 18 सितंबर। रतलाम के सामाजिक, धार्मिक और सेवा के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले वरिष्ठ समाजसेवी श्री आनंदीलाल मूणत का देहावसान हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। वे रतलाम प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेश मूणत, रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमेन व जिला केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मूणत के पिता तथा भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष गौरव मूणत, मोहित मूणत एवं हर्षवर्धन मूणत के दादाजी थे।

​जनसेवा और धार्मिक कार्यों में निभाई अग्रणी भूमिका

श्री मूणत का जीवन सदैव समाज और जनहित के कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने रतलाम के प्रसिद्ध श्री कालिका माता मंदिर पांडाल निर्माण समिति और बाल चिकित्सालय निर्माण समिति में कोषाध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दी थीं। उनके प्रयासों से शहर में स्वास्थ्य और धार्मिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए।

​अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

दिवंगत मूणत की अंतिम यात्रा उनके बुद्धेश्वर रोड स्थित निवास स्थान से प्रारंभ हुई, जिसके बाद त्रिवेणी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहर के हर वर्ग ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

​शोकसभा: 'समाज ने खोया एक मजबूत आधार'

त्रिवेणी मुक्तिधाम में आयोजित शोकसभा में तेरापंथ समाज के अध्यक्ष देवेन्द्र मेहता ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री मूणत धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा के कार्यों में हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहते थे। उनका जाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सकल जैन समाज और रतलाम शहर की अपूरणीय क्षति है। ​शोकसभा के दौरान उपस्थित जनसमूह ने नवकार महामंत्र का जाप कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

​शहर के गणमान्य नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा व शोकसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, शहर के प्रमुख उद्योगपति, व्यवसायी, प्रबुद्ध पत्रकार, केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सदस्य, अभिभाषक, भाजपा व भाजयुमो के पदाधिकारी एवं सकल जैन समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।