...तो बच गई जान उनकी : जब विधायक ने कार से उतरते ही निकाली बंदूक तो भाग खड़े हुए आरोपी, बच गए शेयर व्यापारी

...तो बच गई जान उनकी : जब विधायक ने कार से उतरते ही निकाली बंदूक तो भाग खड़े हुए आरोपी, बच गए शेयर व्यापारी

शेयर व्यापारी जा रहे थे एसपी को शिकायत करने

⚫ रास्ते में आरोपियों ने रुकवाई कार

⚫ दुकान में छुपकर बचाई सभी ने जान

हरमुद्दा
भिंड, 2 मई। कार को घेरकर आरोपी युवक के साथ मारपीट करने वाले ही थे, तभी वहां से लहार विधायक अंबरीश शर्मा गाड़ी से निकले। कार सवार को घिरा देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और बंदूक लेकर उतरे। विधायक को देखकर आरोपित वहां से भाग खड़े हुए। 

कार से बंदूक लेकर निकले विधायक

जानकारी के मुताबिक, लहार के बीजासेन रोड निवासी युवराज सिंह राजावत, शेयर मार्केट का काम करता है। कुछ समय पहले उसने लहार के ही कुछ युवकों से रुपये लेकर शेयर मार्केट में लगाए थे। रकम लौटाने के बाद भी आरोपित मूल रकम का 80 प्रतिशत ब्याज मांग रहे थे।

रकम लौटाने के बाद भी बनाया दबाव

पीड़ित युवराज का कहना है कि रकम लौटाने के बाद भी उस पर दबाव बनाया जा रहा था। तीन जनवरी को वह जयपुर गया था, जहां आरोपियों ने खाटू श्याम चलने की बात कहकर उसे बुलाया और बंधक बना लिया।धौलपुर तक ले जाकर उसके साथ मारपीट की और कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद लहार में भी एक घर में बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह वह वहां से भागकर आया और थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जा रहे थे एसपी को शिकायत करने परिजनों के साथ

पीड़ित युवराज सिंह ने बताया कि परिजनों के साथ कार से भिंड एसपी से शिकायत करने के लिए आ रहा था। रास्ते में रावतपुरा सानी मोड़ पर आरोपित युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आए उसे घेर लिया। डंडे लेकर मारपीट की तैयारी थी।

दुकान में छुपकर बचाई जान

कार से भागते हुए आरोपी

युवराज के परिजनों ने दुकानों में छुपकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान वहां से लहार विधायक शर्मा गुजर रहे थे। भीड़ देख उन्होंने गाड़ी रुकवाई और बंदूक लेकर मौके पर उतर आए। विधायक को आता देख आरोपी भाग निकले। उस वक्त विधायक के साथ उनका गनर और अन्य लोग भी मौजूद थे।

नहीं होने देंगे गुंडागर्दी

क्षेत्र में गुंडागर्दी किसी भी हाल में सहेंगे। अगर कोई किसी को धमकाता है या डराता है, तो उसे पुलिस की मदद लेनी चाहिए और जरूरत पड़ी तो वे खुद मदद को तैयार हैं।

अंबरीश शर्मा, विधायक, लहार

 शिकायत नहीं मिली

इस मामले की कोई शिकायत उन्हें नहीं मिली है। फरियादी शिकायत करने आता है तो आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी। वैसे इंटरनेट पर वायरल वीडियो के आधार पर वह जांच करवा रहे हैं।

रविंद्र शर्मा, टीआई, थाना लहार