सामाजिक सरोकार : देशभर में विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों में नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित
⚫ प्रधानमंत्री का युवाओं से आह्वान 'नागरिक देवो भव:' के मंत्र के साथ करें काम
⚫ कॉकरोच जनता पार्टी केवल सोशल मीडिया तक सीमित, बीजेपी की सेहत पर कोई असर नहीं : केंद्रीय राज्य मंत्री
⚫ ऐसे कॉकरोच खत्म हो जाते हैं समय और सीमा के बाद : कैबिनेट मंत्री
हरमुद्दा
नईदिल्ली/रतलाम, 23 मई। शनिवार को 19वें रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 बजकर 26 मिनट पर 51 हजार युवाओं के लिए रिमोट का बटन दबाकर को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं। यह कार्यक्रम देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। चयनित उम्मीदवारों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों में नियुक्ति मिली है, जिससे वे अब सरकारी सेवाओं में अपने नए कार्य की शुरुआत करेंगे। 30 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने युवाओं से 'नागरिक देवो भव:' के मंत्र के साथ काम करने और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

AI से लेकर ग्रीन टेक्नोलॉजी तक-भारत की प्रगति को मिली नई रफ्तार
इस यात्रा के दौरान नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, जल (वाटर), कृषि और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चर्चा हुई। स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इनोवेशन पर सहयोग को लेकर कई अहम बातें हुईं। वहीं नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री (मैरीटाइम) सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी, जबकि UAE के साथ रणनीतिक ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी पर विस्तार से बातचीत हुई।
सेमीकंडक्टर तकनीक से वैश्विक नेतृत्व की ओर
उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य विकसित भारत 2047 के विजन के साथ आगे बढ़ना है। इसके लिए देश हर क्षेत्र में लगातार निवेश कर रहा है, जिससे नए रोजगार पैदा हो रहे हैं। खासकर सेमीकंडक्टर क्षेत्र में पूरी सप्लाई चेन तैयार की जा रही है और आने वाले समय में भारत की 10 प्रमुख सेमीकंडक्टर इकाइयाँ वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।
देश भर में आयोजित कार्यक्रम में वितरित किए नियुक्ति पत्र
इस कार्यक्रम में रेलवे के अतिरिक्त भारतीय डाक विभाग, आई आई टी इंदौर, केंद्रीय बैंकों आदि जैसे अन्य सरकारी विभागों/संगठनों/सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों में नियुक्त अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र 47 स्थानों पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सौंपे गए।
रतलाम में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मौजूद

रतलाम के रुद्र पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, मध्य प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, पद्मश्री डॉ. लीला जोशी एवं डीआरएम अश्वनी कुमार मंचासीन रहे।

प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों के हाथों 134 नियुक्ति पत्र वितरित किए गए जिसमें रेलवे के 107, आईआईटी इंदौर के 05, पोस्ट ऑफिस के 15 एवं सेंट्रल बैंक के 07 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
सांसद, महापौर, ग्रामीण विधायक अनुपस्थित
वैसे कार्यक्रम में बतौर अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरा लाल डामोर, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल को भी आमंत्रित किया था, मगर वह अनुपस्थित रहे। खास बात तो यह है कि महापौर निवास के पास स्थित आयोजन स्थल पर भी वे नहीं पहुंच सके।
लाखों युवाओं को सशक्त बनाने का अभियान जारी

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर संबोधित करते हुए
रतलाम में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के लाखों युवाओं को सशक्त बनाने का महाअभियान जारी है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि ये युवा 'विकसित भारत' के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी केवल सोशल मीडिया तक सीमित बीजेपी की सेहत पर कोई असर नहीं : केंद्रीय राज्य मंत्री

पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री
पत्रकारों से चर्चा में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि
हमारी सरकार विकास पर केंद्रित होकर कार्य कर रही है। कॉकरोच जनता पार्टी केवल सोशल मीडिया पर है। कहीं जमीन पर नहीं दिखती। विदेशी ताकतों की दम पर देश विरोधी लोगों द्वारा भारत को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे बीजेपी की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।"
ऐसे कॉकरोच खत्म हो जाते हैं समय और सीमा के बाद : कैबिनेट मंत्री
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा "ऐसे कॉकरोच आते और जाते रहते हैं। इनकी एक सीमा और उम्र होती है और वह अपने आप खत्म हो जाते हैं।
यह थे मौजूद
आयोजन में एसडीएम आरची हरित, रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार जनसंपर्क निरीक्षक संदीप शर्मा, रेलवे के अन्य अधिकारी तथा अन्य विभागों जैसे डाक विभाग, बैंक एवं आईआईटी इंदौर के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीआरएम कार्यालय के जयंत अग्रवाल ने किया आभार सोमनाथ कैलाश ने माना।
Hemant Bhatt