ऐसा कैसा साथ : मैं यहां तू वहां, जिंदगी है कहां... नवदंपति ने गले लगाया मौत को
⚫ 28 दिन का दांपत्य सफर ⚫ 5 दिन रहे साथ
⚫ पहले पत्नी ने मायके में लगाई फांसी
⚫ 2 दिन बाद पति अपने घर पर फंदा बनाकर लटका
⚫ नव दंपति द्वारा आत्महत्या करने के मामले को सुलझाने में पुलिस जुटी
हरमुद्दा
ग्वालियर, 23 मई। "मैं यहां तू वहां जिंदगी है कहां" और नव दम्पत्ति ने मौत को गले लगा लिया। 25 अप्रैल को सिद्धार्थ और मेघा दांपत्य सूत्र में बंधे। 5 दिन दोनों साथ रहे। 1 मई को मेघा मायके गई। 20 मई को मेघा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली तो 22 मई को सिद्धार्थ ने फंदा बनाकर मौत को गले लगा लिया। नव दंपति द्वारा आत्महत्या करने में मामला सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। मुद्दे की बात तो यह कि आखिर नवदम्पति ने ऐसा कदम क्यों उठाया?

जानकारी के अनुसार, मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली लिंक रोड (गेरू वाले बंगले के पास) रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति का विवाह 28 दिन पहले 25 अप्रैल क़ो गोला का मंदिर इलाके में स्थित पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी फेस-1 निवासी सिद्धार्थ कांदिल (26) के साथ हुआ था। दोनों की शादी धूमधाम से हुई थी, मेघा के पिता गुरुवीर सिंह ने बेटी मेघा की शादी में काफी पैसा खर्च किया था। शादी के बाद मेघा खुश भी थी।
1 मई को मेघा आई मायके
1 मई को वह ससुराल से विदा होकर अपने मायके आई थी, इसके बाद भी वह खुश थी।
20 मई को मेघा कमरे में लटकी मिली
20 मई को मेघा के पिता एक रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने गए थे। घर पर मेघा और उसकी मां गीता थीं। दोपहर के समय मां गीता पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने मेघा का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह देखकर वह दंग रह गईं। परिवार मे कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार वाले मेघा को फंदे से उताकर अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अंतिम संस्कार किया गया।
22 मई को सिद्धार्थ ने घर के बाथरूम में लगाई फांसी
ससुराल और मायके पक्ष के लोग बहू मेघा की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि दो दिन बाद शुक्रवार 22 मई को पिंटो पार्क स्थित घर में मेघा के पति सिद्धार्थ ने आत्महत्या कर ली। पेशे से ठेकेदार पति सिद्धार्थ कांदिल ने अपने घर के बाथरूम में साफे (कपड़े) का फंदा बनाकर जंगले से फांसी लगा ली। मेघा की मौत के बाद से वह गुमसुम था, किसी से बात नहीं कर रहा था। घटना का पता तब चला जब सिद्धार्थ के पिता परमाल सिंह ने उसे बेड पर नहीं देखा, तलाश करते हुए वे जब बाथरूम की तरफ गए तो वह अंदर से लॉक था। भतीजे श्यामवीर ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर सिद्धार्थ फंदे से लटक रहा था। सूचना पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने दे दी जान
इन घटना में हैरान कर देने वाली बात यह है कि शादी के बाद सिर्फ यह जोड़ा सिर्फ 5 दिन ही साथ रहा था। इतने कम समय में ऐसा क्या हुआ कि पहले पत्नी और फिर पति ने मौत को गले लगा लिया, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। दोनों परिवारों के मन में बार-बार बस यही सवाल आ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो दोनों को जान देनी पड़ी। इस सवाल का जवाब अब पुलिस तलाश रही है।
पुलिस कर रही जांच
मामला नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, इसलिए पुलिस इसे बेहद गंभीरता से ले रही है। पुलिस मायके और ससुराल दोनों पक्षों के विस्तृत बयान दर्ज करेगी। इसके अलावा इन दोनों के मोबाइल फोन भी खंगालेगी ताकि कुछ ऐसा हाथ लग सके, जिससे उनकी मौत का कारण सामने आ सके।
Hemant Bhatt