हत्या के बाद आत्महत्या : पत्नी की जान लेने के बाद पति ने खाया जहर, दोनों की मौत

हत्या के बाद आत्महत्या : पत्नी की जान लेने के बाद पति ने खाया जहर, दोनों की मौत

मासूम के रोने की आवाज आई तो पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

⚫ पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दंपत्ति के शव मिले पलंग पर

⚫ सुसाइड नोट में उल्लेख किया सतीश साहू का

हरमुद्दा
इंदौर, 24 मई। पत्नी के अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की हत्या करने के पश्चात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रविवार को सुबह जब मासूम के रोने की आवाज आई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई और दरवाजा तोड़ा तो पलंग पर पति-पत्नी के शव पड़े हुए थे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह घटना हुई हीरानगर पुलिस थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर में। यहां रहने वाले हल्के वीर पटेल और उसकी पत्नी रचना के शव पलंग पर पड़े थे। मासूम बच्ची रो रही थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। पुलिस ने तुरंत मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि महिला के गले पर निशान भी है। पुलिस के मुताबिक होशंगाबाद का रहने वाला हल्के वीर पटेल पीथमपुर स्थित एक पेस्टिसाइड कंपनी में कार्यरत था। 


पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें सतीश साहू के नाम का उल्लेख है जिसने महिला को बहला फुसलाकर ब्लैकमेल करके संबंध बनाएं। शनिवार को हल्के वीर एक रिश्तेदार के साथ युवक से बात करने भी गया था। इसके कुछ घंटों बाद रविवार सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई।

रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।