रतलाम के शिक्षक अजय मरमट ने जयपुर में मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया
⚫ राष्ट्रीय मंच पर सराहा गया सान्दीपनि विद्यालय का 'टीचर्स प्रोफेशनल डेवलपमेंट मॉडल'
⚫ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का जमीनी जायजा
⚫ अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मॉडल का राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुतीकरण
हरमुद्दा
रतलाम, 4 अक्टूबर। शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) एवं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के तत्वावधान में विद्या भारती उच्च शिक्षण संस्थान द्वारा जयपुर में पांच दिवसीय "अनुभवात्मक अध्यापक विकास कार्यक्रम एवं विद्यालय दर्शन" (EFDP) का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में देशभर के 22 राज्यों से चयनित लगभग 150 प्रमुख शिक्षाविदों ने भाग लिया, जिसमें मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम के शिक्षक एवं डाइट पिपलोदा के प्रशिक्षक अजय मरमट ने किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का जमीनी जायजा
कार्यक्रम के दौरान अजय मरमट ने डाइट पिपलोदा के वरिष्ठ व्याख्याता भंवरलाल सोनी के साथ जयपुर में एक दिवसीय उन्मुखीकरण के पश्चात अजमेर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का चार दिवसीय अनुभवात्मक अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, शिक्षण पद्धतियों और नवाचारों का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने स्थानीय शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद स्थापित कर शैक्षणिक सुधारों पर विस्तृत चर्चा की।
अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मॉडल का राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुतीकरण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रतलाम के सान्दीपनि विद्यालय का विख्यात "टीचर्स प्रोफेशनल डेवलपमेंट मॉडल" (साइकल ऑफ ग्रोथ) रहा। अजय मरमट ने देशभर से आए शिक्षाविदों एवं राजस्थान के विद्यालयों के समक्ष इस मॉडल का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। उल्लेखनीय है कि इस नवाचारी 'साइकल ऑफ ग्रोथ' मॉडल का निर्माण संस्था के उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर द्वारा किया गया है, जिसे पूर्व में 10,000 डॉलर ($10,000) का अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर रतलाम के इस मॉडल की अत्यधिक सराहना की गई।
विद्यालय व क्षेत्र में हर्ष की लहर
राष्ट्रीय मंच पर रतलाम और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने पर शैक्षणिक जगत में हर्ष की लहर है। इस उपलब्धि पर सांदीपनि विद्यालय की प्राचार्या संध्या वोहरा, उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर, प्रधान अध्यापक सीमा चौहान, अनिल मिश्रा एवं समस्त विद्यालय परिवार ने अजय मरमट को बधाई देते हुए खुशी व्यक्त की।
Hemant Bhatt