कलेक्टर की कार्रवाई : दो छात्रावास अधीक्षक तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त
⚫ छात्राओं की शिकायतों पर कलेक्टर अजय कटेसरिया का एक्शन
⚫ कलेक्टर के सख्त रुख से छात्रावास अधीक्षकों में हड़कंप
हरमुद्दा
रतलाम, 10 अगस्त। रतलाम जिले में प्रशासनिक कसावट और छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन बेहद सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के कड़े निर्देशों पर जनजातीय कार्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आलोट के दो छात्रावास अधीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर उनकी मूल संस्थाओं में वापस भेज दिया है।
छात्राओं ने खोली थी अव्यवस्थाओं की पोल
मिली जानकारी के अनुसार, आलोट स्थित छात्रावासों की छात्राओं ने अधीक्षकों की कार्यशैली और व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जब जिला प्रशासन ने मामले का परीक्षण कराया, तो सामने आई खामियों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गाज गिरना तय माना जा रहा था।
इन पर गिरी गाज
प्रशासनिक आदेश के तहत:
⚫ निर्मला झोड़ियां भाबर, अधीक्षिका, अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास, आलोट।
⚫ करण सिंह जाट, अधीक्षक, अनुसूचित जाति बालक सीनियर उत्कृष्ट छात्रावास, आलोट।
कलेक्टर के सख्त रूप से हड़कंप
दोनों अधीक्षकों को प्रशासनिक कार्य व्यवस्था और लापरवाही के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से उनके मूल पदों/संस्थाओं के लिए रवाना कर दिया गया है। कलेक्टर कटेसरिया के इस मामले में स्पष्ट रूप के बाद हुए त्वरित और सख्त कदम से जिले के अन्य छात्रावास प्रबंधनों में हड़कंप मच गया है।
सुरक्षा और अनुशासन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर अजय कटेसरिया
छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के हित, सुरक्षा और पढ़ाई का अनुशासित माहौल सबसे पहली प्राथमिकता है। विद्यार्थियों से जुड़ी किसी भी शिकायत, लापरवाही या अव्यवस्था को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर बिना देरी किए कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
⚫ अजय कटेसरिया, कलेक्टर, रतलाम
Hemant Bhatt