ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख रुपये की MD ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख रुपये की MD ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

हरमुद्दा
​रतलाम, 27 जुलाई। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ताल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD और एक बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई ड्रग्स और वाहन की कुल कीमत लगभग 1,50,000 रुपये आंकी गई है।

​राधा नगरी के पास से पकड़ाया मुख्य आरोपी

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की डिलीवरी देने जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ताल पुलिस टीम ने राधा नगरी के पास, आक्या कला रोड पर घेराबंदी की।


​मौके से पुलिस ने आसिफ पिता जाकीर खाँ मेवाती (उम्र 35 वर्ष), निवासी देवरा गली पिपलिया मण्डी (हाल मुकाम बन्नाखेड़ा, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा) को हिरासत में लिया। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध MD ड्रग्स (अनुमानित कीमत ₹1,00,000) बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹50,000) भी जब्त की गई।

​मेमोरेंडम के आधार पर दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

​पुलिस ने आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना ताल पर अपराध क्रमांक 380/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। सघन पूछताछ और आरोपी आसिफ के मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस ने ड्रग्स की सप्लाई चेन से जुड़े दूसरे आरोपी सोहेल पिता कमरुद्दीन खाँ (उम्र 25 वर्ष), निवासी अरिहंत कॉलोनी, जावरा को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस कर रही पूछताछ

फिलहाल पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध MD ड्रग्स कहाँ से खरीदी गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

​एक नज़र में जब्ती पर

⚫ ​अवैध मादक पदार्थ: 10 ग्राम MD ड्रग्स (कीमत लगभग ₹1,00,000)

⚫ ​वाहन: बिना नंबर की सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹50,000)

⚫​ कुल जब्ती: ₹1,50,000

सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना ताल के निरीक्षक स्वराज डाबी थाना प्रभारी, सहायक उप निरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान, अंकित काला, आदिल, भूपेन्द्र डिण्डोर, सांवरिया पाटीदार का सराहनीय योगदान रहा।