रतलाम : कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में मनमानी पर प्रशासन का डंडा

रतलाम : कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में मनमानी पर प्रशासन का डंडा

⚫ प्रतिबंध के बावजूद सिंचाई करते 12 मोटर-पंप जब्त

⚫ प्रशासन, जल संसाधन विभाग और विद्युत मंडल की संयुक्त कार्रवाई

हरमुद्दा
​रतलाम, 26 नवंबर। कुंडाल–कोटेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में प्रशासनिक प्रतिबंध को दरकिनार कर अवैध रूप से सिंचाई करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नियमों की अनदेखी कर पानी खींचने की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासन, जल संसाधन विभाग और विद्युत मंडल की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और 12 मोटर-पंप जब्त किए।


​कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर जल संरक्षण और उपलब्ध जल के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई। रतलाम ग्रामीण तहसीलदार मनीष जैन ने बताया कि बांध में पानी की कम उपलब्धता को देखते हुए डूब क्षेत्र से सिंचाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा मनमानी करते हुए मोटर-पंप लगाकर सिंचाई की जा रही थी।

औचक निरीक्षण में हुई कार्रवाई

सूचना मिलते ही तहसीलदार मनीष जैन, जल संसाधन विभाग के उपयंत्री और मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 12 मोटर-पंप जब्त किए गए, जिनमें 7 सबमर्सिबल पंप और 5 ओपनवेल पंप शामिल हैं। टीम ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जल संकट की आशंका के बीच नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आगामी दिनों में भी इस तरह की निगरानी व सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।