सामाजिक सरोकार : श्री साईं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में सफाई मित्रों का किया सम्मान
⚫ स्वच्छता के प्रति कृतज्ञता का भाव
⚫ कार्यक्रम के माध्यम से दिया सामाजिक समरसता का संदेश
हरमुद्दा
रतलाम, 8 अक्टूबर। श्री साईं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज, रतलाम में सहाया ग्रुप के द्वारा सफाई मित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद करण कैथवास की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं अपनत्व की भावना व्यक्त करना था। इस अवसर पर सफाई मित्रों का तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट किए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया गया कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक वर्ग का समान सम्मान हो तथा आपसी सहयोग, अपनत्व और सम्मान की भावना से ही एक सशक्त एवं समरस समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। हमारे सफाई मित्र प्रतिदिन अपने श्रम और समर्पण से शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनका सम्मान वास्तव में स्वच्छता, श्रम और सेवा के सम्मान का प्रतीक है।
सहाया ग्रुप का यह प्रयास सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं समाज में सेवा, सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।
Hemant Bhatt