सामाजिक सरोकार : भव्य शोभायात्रा में होंगे हाथी घोड़े, ढोल–ताशो से गूंजेगा रतलाम

सामाजिक सरोकार : भव्य शोभायात्रा में होंगे हाथी घोड़े, ढोल–ताशो से गूंजेगा रतलाम

रतलाम माहेश्वरी समाज का छह दिवसीय महोत्सव 18 जून से

⚫ होंगे विविध आयोजन

हरमुद्दा
रतलाम, 17 जून। माहेश्वरी समाज का वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी विशेष उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत 18 जून को होगी। इस दौरान विभिन्न आयोजन होंगे। 23 जून को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

माहेश्वरी समाज के प्रचार मंत्री राजेश दरक ने  बताया कि माहेश्वरी समाज, रतलाम द्वारा 18 से 23 जून तक छह दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल नवमी के दिन भगवान महेश की कृपा से माहेश्वरी समाज के 72 मूल खांपों की उत्पत्ति हुई थी। इसी कारण महेश नवमी को समाज का वंशोत्पत्ति दिवस माना जाता है और यह समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कार एवं एकता का प्रतीक पर्व है।

होंगे विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम

समाज के संरक्षक माधवदास काकानी एवं शैलेन्द्र डागा तथा अध्यक्ष डॉ. बी.एल. तापड़िया के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक इकाइयों द्वारा माहेश्वरी समाज भवन कसारा बाजार पर अनेक आयोजन किए जाएंगे। माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ, महिला प्रगति मंडल द्वारा कैंसर जागरूकता संगोष्ठी, माहेश्वरी सेवा संगठन द्वारा स्वास्थ्य एवं सेवा गतिविधियां, माहेश्वरी कपल क्लब द्वारा क्विज गेम प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा श्री रामबाग हनुमान मंदिर समिति द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से आयोजित महेश मेला में व्यंजन स्टॉल, खेल, मनोरंजक गतिविधियां एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

23 जून को मुख्य आयोजन

समाज सचिव सुनील लाठी ने बताया महोत्सव का मुख्य आयोजन 23 जून को होगा। भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा  श्री रामोला मंदिर राम मोहल्ला से निकाली जाएगी, जिसमें सुसज्जित हाथी, घोड़े, बग्गियां, ढोल-ताशे एवं बैंड दल शामिल होंगे। शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भगवान महेश के जयघोष के साथ नगर भ्रमण करेंगे।

शोभायात्रा के पश्चात होगी महेश सभा

प्रातः भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा के पश्चात माहेश्वरी समाज भवन कसारा बाजार पर आयोजित महेश सभा सभा में चित्तौड़गढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप लढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए गोपालजी काकानी करेंगे। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, महिला एवं युवा संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहेंगे।