दर्दनाक हादसा : उत्साह से मनाए जा रहे मातम का आयोजन बदला मातम में, ताजिया में फैला करंट, दो की मौत

दर्दनाक हादसा : उत्साह से मनाए जा रहे मातम का आयोजन बदला मातम में, ताजिया में फैला करंट, दो की मौत

हाई टेंशन लाइन से टकराया ताजिया

⚫ करीब एक दर्जन से अधिक हुए घायल, चल रहा उपचार

⚫ पुलिस प्रशासन कर रहा मामले की जांच

हरमुद्दा
रतलाम, 26 जून। जिले की पिपलोदा तहसील के हतनारा में गुरुवार की रात को दर्दनाक हादसा हो गया। उत्साह के साथ मनाए जा रहे मातम के पर्व मोहर्रम के तहत ताजिया हाई टेंशन लाइन से टकरा गया जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को तकरीबन 11 बजे ग्राम हतनारा में ताजिया निकाला जा रहा था तभी वह गांव से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से टकरा गया इस घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

इनकी हुई मौत

करंट लगने से 32 वर्षीय राशिद खान पिता वाहिद खान (32) और सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन (40) दोनों निवासी ग्राम हतनारा की मौत हो गई।

यह हुए प्रभावित

घटना में अख्तीयार खां पिता बाबू खां (40), अनस पिता अकरम खां (17), शकील पिता हमीद मंसूरी(30), रईस पिता अमजद खां (35), मोहम्मद खान पिता सड्डू खान(31), वहीद खां पिता रसीद खां(35), अरबाज खान पिता यूसुफ खान (27), इब्राहिम पिता मोहम्मद हनीफ (22), इरफान, फारूख पिता मुख्तियार खां (26) सभी निवासी ग्राम हतनारा और रहीम पिता आजाद खां (25) दोनों निवासी ग्राम कुशलगढ़ झुलस गए। दो-तीन लोग घायल हो गए। इन सभी को मेडकिल कॉलेज व जिला अस्पताल तथा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस प्रशासन के आला अफसर पहुंचे

सूचना मिलने पर एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो व सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे। 

निजी वाहनों से पहुंचे अस्पताल

राजस्थान के ग्राम कुशलगढ़ के रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी सुलतान खां निवासी ने बताया वे अपने मामा के गांव हतनारा में ताजिये देखने आए थे। हादसे के समय बड़ी संख्या में अन्य लोग ताजिये के आसपास ही थे। इसी बीच ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे ताजिये में करंट फैल गया। करंट लगने से 15 से 17 लोग झुलसे हैं। इनमें से दो-तीन लोगों को चोटे भी आई है। हादसा होने से मौके पर हड़कंप मच गया। अन्य लोगों ने नीचे गिरे झुलसे लोगों को उठाकर भीड़ से एक तरफ किया। हम घायलों को निजी वाहनों से रतलाम के मेडिकल कॉलेज व अन्य अस्पतालों में लेकर पहुंचे। झुलसे हुए कुछ लोगों का मेडिकल कॉलेज तो कुछ का अन्य अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
  
ताजिया टकराने के दौरान हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोहर्रम जुलूस के दौरान ग्राम हतनारा में हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराने से कई लोग झुलसे है। दो लोगों की मौत हो गई है। छह-सात लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज  चल रहा है। हादसे की जांच की जा रही है।

राकेश पंद्रो, एएसपी रतलाम शहर