कार्रवाई का असर : अतिक्रमण मुहिम से आवागमन हो रहा सुगम, महापौर की सब्जी व्यापारियों से दो टूक बात "आप सब सहयोग करें, आपकी भी होगी व्यवस्था"

कार्रवाई का असर : अतिक्रमण मुहिम से आवागमन हो रहा सुगम, महापौर की सब्जी व्यापारियों से दो टूक बात "आप सब सहयोग करें, आपकी भी होगी व्यवस्था"

कलेक्टर के आदेश का असर आने लगा नजर

⚫ हटाए जाएंगे सभी के पक्के भी अतिक्रमण

⚫ नई जगह होगी धीरे-धीरे व्यवस्था

⚫ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना मुख्य उद्देश्य

हरमुद्दा
रतलाम, 18 नवंबर। शहर की सड़कों पर जगह-जगह पसरे सब्जी बाजार के चलते यातायात व्यवस्था बद से बदतर हो रही थी। नवागत कलेक्टर मिशा सिंह ने शहर की अव्यवस्था सुधारने के लिए भ्रमण किया, मगर दीपावली के चलते योजना टाल दी गई मगर अब क्रियान्वयन होने से यातायात सुगम होने लगा है। सड़कों पर पसरे सभी व्यापारियों से महापौर प्रहलाद पटेल ने दो टूक बात करते हुए कहा कि आप हमारा सहयोग करें, आपकी भी व्यवस्था होगी। अतिक्रमण मुहिम निरंतर चलेगी। पक्का अतिक्रमण भी टूटेगा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

नगर निगम में दिया गया धरना आंदोलन

तय कार्यक्रम के अनुसार शहर में सोमवार और मंगलवार को सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण मुहिम चलाकर, सड़कों पर कपड़े, फल एवं सब्जी बेचने वालों को उनकी जगह दिखाई। नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में नगर निगम में धरना आंदोलन भी दिया। 

शुरुआत हो चुकी है सब हटेंगे

व्यापारियों सहयोग करने का कहते हुए महापौर

सभी व्यापारियों से महापौर पटेल ने स्पष्ट शब्दों में दो-टूक बात कहते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। यातायात व्यवस्था सुधारना है। आपका सहयोग चाहिए। आपको जगह दी जा रही है, वहां पर आपको जाना है। इस पर व्यापारियों ने कहा पहले सुविधा दो फिर जाएंगे। महापौर ने फिर कहा पहले आप वहां जाइए, सुविधा धीरे-धीरे मिलती रहेगी। व्यापारियों ने यह भी कहा कि शहर में और भी बड़े-बड़े पक्के अतिक्रमण हैं, उन्हें हटाओ फिर हमें। तब महापौर ने कहा शुरुआत हो चुकी है। इस मुहिम में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पक्का अतिक्रमण भी टूटेगा। 

नागरिकों को हो रही है सुविधा

महापौर पटेल ने कहा शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में सड़क के पास जमीन पर बैठकर, ठेले व गुमटियों में व्यवसाय करने वालो को निर्धारित स्थलों पर शिफ्ट किया रहा है। इस कार्रवाई से अब शहर के व्यावसायिक क्षेत्र व अन्य स्थान यातायात सुगम हुआ है। नागरिकों को आने-जाने में सुविधा हुई है। 

इन स्थानों पर दी गई है विक्रेताओं को जगह

महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा सब्जी, फल व अन्य फुटकर सामग्री विक्रेताओं के लिए काशीनाथ का नोहरा, डॉ. देवीसिंह की गली, साहू बावड़ी, ईदगाह रोड, जैन स्कूल के पीछे, अमृत सागर आदि स्थल निर्धारित किए गए है, जिससे वे अपना व्यवसाय सुगमता से कर सकेंगे। यातायात भी बाधित नहीं होगा तथा शहर सुन्दर व व्यवस्थित होगा। नगर निगम की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। महापौर पटेल ने फुटकर व्यापारियों को नगर हित में निर्धारित स्थलों पर अपना व्यवसाय करने की समझाईश दी।

चार पहिया वाहन पर भी होगी कार्रवाई

इसके अलावा फुटपाथ या सड़क पर चार पहिया वाहन पार्क किए जाने पर यातायात पुलिस व नगर निगम द्वारा वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी जिसकी समस्त जवाबदारी वाहन मालिक की होगी।

व्यापारी फिर भी आ गए सड़कों पर

चौमुखी पुल से चांदनी चौक के बीच में फिर एक महिला ठेला गाड़ी लेकर सड़क पर आ गई सिंघाड़े बेचने

सोमवार को घास बाजार से चांदनी चौक के मध्य कार्रवाई की गई मगर कार्रवाई के कुछ समय बाद ही ठेला गाड़ी पर व्यवसाय करने वाले सड़क पर आ गए। 

अमृत सागर फुटपाथ पर काफी संख्या में आगे सब्जी विक्रेता

नई जगह पर अपना व्यापार करते हुए

कई ग्रामीण व्यापारी अमृत सागर तालाब की पाल पर बने फुटपाथ पर सब्जी बेचने के लिए बैठ गए इसके अलावा कई लोग वहां पर कपड़ा रखकर अपना स्थान आरक्षित करके चले गए। इसी तरह त्रिवेणी रोड मुक्तिधाम के आसपास भी मंगलवार को सब्जी विक्रेता सब्जी बेचते हुए नजर आए। यहां पर भी कई जगह उन्होंने अपने कपड़े से सब्जी बेचने का स्थान आरक्षित कर लिया।