अनैतिक देह व्यापार के चंगुल से 2 नाबालिग का किया रेस्क्यू

अनैतिक देह व्यापार के चंगुल से 2 नाबालिग का किया रेस्क्यू

बाछड़ा डेरे पर पुलिस की कार्रवाई

⚫ एक आरोपी गिरफ्तार

⚫  रैकेट में और कौन-कौन से लोग शामिल, पुलिस कर रही पूछताछ

हरमुद्दा
​रतलाम, 25 जुलाई। जिले में अनैतिक देह व्यापार के अवैध नेटवर्क के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रिंगनोद थाना पुलिस और ढोढर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम ढोढर स्थित बाछड़ा डेरे में दबिश देकर अनैतिक देह व्यापार (पीटा एक्ट) के तहत दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट में कौन-कौन शामिल है उनका पता चल सके। 

मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम ढोढर के बाछड़ा डेरे में नाबालिग लड़कियों से जबरन अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद एवं ढोढर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) के सभी वैधानिक प्रावधानों और नियमों का पालन करते हुए आरोपी के ठिकाने पर अचानक दबिश दी।

​आरोपी हंसु चौहान चढ़े हत्थे, 2 नाबालिगें छुड़ाई

​दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी हंसु पिता गोपाल चौहान (उम्र 19 साल), निवासी बाछड़ा डेरा, ढोढर के घर से 2 नाबालिग लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार के चंगुल से सफलता पूर्वक रेस्क्यू किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी हंसु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

रिंगनोद थाना पुलिस ने आरोपी हंसु चौहान के खिलाफ अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत निम्नलिखित कठोर कानूनी धाराओं में ​भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 143(4) अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA): धारा 3, 4, 5 और 6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (POCSO) एक्ट: धारा 3/4 में मामला पंजीकृत किया है।

काउंसलिंग की प्रक्रिया

​पुलिस द्वारा रेस्क्यू की गई दोनों नाबालिग बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उनके पुनर्वास और काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। फिलहाल थाना रिंगनोद पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।