कारोबार सरोकार : साढ़े तीन दशक बाद मुख्य मार्ग से हटी SBI शाखा

कारोबार सरोकार : साढ़े तीन दशक बाद मुख्य मार्ग से हटी SBI शाखा

⚫ नए भवन में शुरू हुआ कामकाज

हरमुद्दा
रतलाम/सैलाना, 27 अक्टूबर। नगर की सबसे बड़ी राष्ट्रीयकृत बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सैलाना शाखा मंगलवार को अपने नए सर्वसुविधायुक्त भवन में शिफ्ट हो गई। साढ़े तीन दशक से नगर के मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही बैंक शाखा के स्थानांतरण से अब यातायात की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नागरिक लंबे समय से इस शाखा को मुख्य मार्ग से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग कर रहे थे। पैलेस रोड पर सैलाना टॉकीज के पीछे बने नए भवन में बैंक का कामकाज शुरू हो गया है।

मुख्य मार्ग पर बैंक होने से बनती थी जाम की स्थिति

एसबीआई की स्थानीय शाखा करीब साढ़े तीन दशक से नगर के मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही थी। शुरुआती वर्षों में यातायात का दबाव कम होने से यहां कोई विशेष परेशानी नहीं थी, लेकिन बीते एक से डेढ़ दशक में नगर के मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ा। ऐसे में बैंक आने वाले ग्राहकों के वाहनों के कारण अक्सर जाम जैसी स्थिति बनने लगी थी। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के चलते बैंक शाखा को मुख्य मार्ग से हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी थी।

बैंक प्रबंधन ने शुरू किए प्रयास, पैलेस रोड पर मिला नया भवन

शाखा स्थानांतरण को लेकर बैंक प्रबंधन ने कुछ वर्षों पूर्व समाचार पत्रों में विज्ञप्ति जारी कर नए भवन की तलाश शुरू की थी। अंततः पैलेस रोड पर सैलाना टॉकीज के पीछे का स्थान प्रबंधन को उपयुक्त लगा। यहां पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। बैंक प्रबंधन के नक्शे के अनुसार भूमि स्वामी अशोक जैन ने भवन का निर्माण कर बैंक को सौंप दिया।

मंगलवार को विधिवत शुभारंभ

सोमवार को ही बैंक का सामान नए भवन में पहुंचा दिया गया था। मंगलवार को बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नए भवन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इंदौर से आए डिप्टी जनरल मैनेजर राकेश कुमार सिन्हा ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शाखा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक बैंक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह ग्राहकों के साथ अदब और सम्मान से पेश आए। यदि कोई कार्य नियमों के अनुरूप नहीं है तो ग्राहक को संतोषपूर्वक समझाया जाना चाहिए।

यह रहे उपस्थित

इस अवसर पर रतलाम के रीजनल मैनेजर रत्नेश सिंघई, सैलाना शाखा प्रबंधक कुलदीप कुलमी, रतलाम शाखा प्रबंधक दीपेश शर्मा, डिप्टी मैनेजर सुनीति मैथिल, असिस्टेंट मैनेजर हरिओम मिश्रा, रामनिवास कछावा, संजय राठौड़, रेखा निकेडी, प्रीति बौरासी, वरिष्ठ पेंशनर जगदीश चंद्र पटेल, वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र त्रिवेदी, संतोष धाभाई, मनीष जैन, राजेश अवस्थी, डीसी सारस्वत सहित अन्य उपस्थित थे।

अनुराग भंडारी ने भेंट किया स्मृति चिह्न

नगर के युवा अनुराग भंडारी ने एसबीआई के डिप्टी जनरल मैनेजर राकेश कुमार सिन्हा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।