जनसुनवाई : राजनीति के चलते अपात्र को दे दी नियुक्ति, पात्र ने लगाई गुहार
⚫ कलेक्टर मिशा सिंह ने सुनी आमजन की व्यथा
⚫ सड़क निर्माण के दौरान तोड़ दी पेयजल की पाइप लाइन
⚫ 74 आवेदन पर हुई सुनवाई
हरमुद्दा
रतलाम 18 नवंबर। मंगलवार को जनसुनवाई के आयोजन में जिले भर से 74 आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचे। आवेदक ने बताया कि राजनीति के चलते अपात्र को शिक्षक बना दिया जबकि में पत्र था मुझे अयोग्य घोषित कर दिया। कलेक्टर मिशा सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर मिशा सिंह ने आवेदकों से आवेदन प्राप्तकर उनकी व्यथा सुनी।
अपात्र को दे दी नियुक्ति
मंगलवार को ही जनसुनवाई में आलोट तहसील के ग्राम पिपलिया से आए आवेदक कांतिलाल पिता सुखराम ने आवेदन देते हुए बताया कि मेरे द्वारा अतिथि शिक्षक पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। प्राथमिक विद्यालय बिलावली में 60.2 अंक वाले अपात्र अभ्यर्थी को राजनीतिक दबाव में नियुक्त किया गया है, जबकि मेरे अंक 186.40 हैं। पूर्व में मैंने संबंधित अधिकारियों को भी शिकायत प्रस्तुत की थी, परंतु अपात्र अभ्यर्थी को पुनः नियुक्त कर दिया गया। कलेक्टर ने निराकरण के लिए डीईओ रतलाम को निर्देशित किया गया।
दुर्घटना पति की हो गई मौत, आर्थिक सहायता की गुहार
आवेदक पूजा पति स्व. राहुल मुनिया निवासी ग्राम भोजपुरा तहसील सैलाना ने आवेदन दिया कि मेरे पति स्व. राहुल मुनिया, जो रतलाम में टेंट हाउस पर मजदूरी करते थे, 16 मई को घर लौटते समय सागोद रोड स्थित काला गौरा भैरूजी मंदिर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना में निधन हो गया। मेरे पति परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। मेरे दो छोटे बच्चे हैं जिनकी उम्र 4 वर्ष एवं 2 वर्ष है। वर्तमान में परिवार के भरण-पोषण में अत्यंत कठिनाई हो रही है। आर्थिक सहायता हेतु आवेदक ने आवेदन दिया। निराकरण के लिए तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया गया।
सड़क निर्माण के दौरान तोड़ दी पेयजल की पाइप लाइन
आवेदक राजुबाई निवासी ग्राम रत्तागढ़खेडा ने आवेदन दिया कि ग्राम पंचायत रत्तागढ़खेड़ा में रामदेवजी के मंदिर से सातरूण्डा चौराहे तक नल-जल योजना के अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन को लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण के दौरान तोड़ दिया गया है। जिसके कारण ग्रामवासियों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कार्यवाही के लिए ई ई पी डब्ल्यू डी को निर्देशित किया गया।
74 आवेदनों पर हुई सुनवाई
जनसुनवाई में 74 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।
Hemant Bhatt