धर्म संस्कृति : बिना किसी चार्ज के आपको रिचार्ज कर देते है संत
⚫ महामण्डलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द सरस्वतीजी महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में कहा
⚫ परीक्षित आगमन एवं सुखदेव जी आगमन के मार्मिक प्रसंग पर भावविभोर हुए भक्त
हरमुद्दा
रतलाम, 3 जून। जीवन में जब भी कोई ऐसा संकट आ जाए की कोई मार्ग दिखाई नहीं देवे । आप स्वयं को दुविधाओं के चक्रव्यूह में घिरे महसूस करें तब तुरंत किसी भी संत की शरण स्वीकर कीजिये । इससे आपके जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल जाएंगे। सच्चे संत बिना किसी चार्ज के आपको रिचार्ज कर देते है। यह हमेशा याद रखिये कि बिना हरि की कृपा के संत नहीं मिलते है । परमात्मा के दूत के रूप में संत आपके जीवन से संकटों का समाधान करते हुए जीवन में ज्ञान और वैराग्य का जागरण करते है।

यह प्रेरक दिग्दर्शन महामण्डलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द सरस्वतीजी महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में किया। मीडिया प्रभारी राकेश पोरवाल ने बताया कि स्वामीजी श्री हरिहर सेवा समिति एवं श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्र्स्ट द्वारा पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सैलाना रोड पर मोक्षदायिनी कथा का श्रवण करवा रहे है। कथा प्रसंग में बुधवार को परीक्षित आगमन एवं सुखदेव जी आगमन का मार्मिक चित्रण किया गया । गुरुवार को ध्रुव चरित्र का का प्रसंग रहेगा ।
संत भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संचार करते है
पूज्य स्वामीजी ने बताया कि श्रीमद भागवत में प्रसंग आता है कि भक्ति दैवी अपने पुत्र ज्ञान और वैराग्य की मूर्छा से दुखी है तभी देवर्षि नारदजी का आगमन आता होता है । इसका व्यवहारिक जीवन में यही अर्थ है कि जब भी हमारे जीवन में कष्ट आते है तब संत का आगमन न केवल हमारे दुःख दर्द का निवारण करने के लिए होता है बल्कि हमें मोह निद्रा से जगाकर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संचार भी करते है ।
बदले में जीवन को बदलना चाहते है
उन्होंने कहा कि जिसका चित्त परमात्मा की भक्ति से शांत हुआ है, वे ही आपकी चिंता का समाधान करते हुए उसे शांत कर सकते है । जो शांत है वही संत है और जो संत है वही शांत है। उनके मन मेव किसी प्रकार का उहापोह नहीं होता है । ऐसे संत के पास सम्पूर्ण अहोभाव से जाने से चिंता का समाधान अवश्य मिलेगा, यही सन्देश श्रीमद् भागवत कथा देती है । परमात्मा की भक्ति से जिसका ह्रदय छलकता है, ऐसे सच्चे संत बिना किसी चार्ज के आपको रिचार्ज कर देते है। बदले में आपसे कुछ नही चाहते बल्कि आपके जीवन को बदलना चाहते है ।
आरडीए अध्यक्ष ने लिया आशीर्वाद
इस अवसर पर आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने स्वामीजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और आरती में शामिल हुए।
Hemant Bhatt