सामाजिक सरोकार : पर्यावरण एवं धर्महित में POP प्रतिमाओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग
⚫ सेवावीर परिवार ने जिला कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
रतलाम, 3 जून। पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक आस्था एवं स्थानीय कारीगरों के हितों को ध्यान में रखते हुए सेवावीर परिवार द्वारा बुधवार को जिला कलेक्टर रतलाम के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। कलेक्टर कार्यालय में नायब तहसीलदार रामचन्द्र ने ज्ञापन प्राप्त किया।

इस अवसर पर सेवावीर परिवार के सदस्यों ने ज्ञापन का वाचन कर प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से निर्मित गणेश एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के निर्माण, विक्रय एवं स्थापना से होने वाले पर्यावरणीय एवं धार्मिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही जिले में POP प्रतिमाओं पर प्रतिबंध लगाकर मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं को प्रोत्साहित किए जाने की मांग रखी गई।

सेवावीर परिवार ने बताया कि संस्था विगत लगभग 8 वर्षों से "मेरे घर आएंगे मिट्टी के गणेश" जनजागरण अभियान संचालित कर रही है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना हेतु प्रेरित किया जाता है। संस्था के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप समाज का एक बड़ा वर्ग मिट्टी की प्रतिमाओं को अपना रहा है तथा कई परिवार एवं सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियां भी पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं की स्थापना करने लगी हैं।
मिट्टी की प्रतिमा बनाने वालों को दिया जाए प्रोत्साहन
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि POP प्रतिमाएं जल में आसानी से विलीन नहीं होतीं, जिससे नदियों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों में प्रदूषण बढ़ता है। साथ ही प्रतिमाओं में प्रयुक्त रासायनिक रंग जलचर जीवों, पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। विसर्जन के पश्चात खंडित प्रतिमाओं का जलाशयों में दिखाई देना धार्मिक भावनाओं को भी आहत करता है।
सेवावीर परिवार ने मांग की कि रतलाम जिले में POP से निर्मित प्रतिमाओं के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं स्थापना पर प्रभावी प्रतिबंध लगाया जाए तथा मिट्टी की प्रतिमाएं बनाने वाले स्थानीय कुम्हारों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहन प्रदान किया जाए। साथ ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
उचित कार्रवाई के लिए किया आश्वस्त
ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात नायब तहसीलदार ने सेवावीर परिवार द्वारा वर्षों से संचालित "मेरे घर आएंगे मिट्टी के गणेश" अभियान की सराहना की। उन्होंने अभियान को पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए विषय पर सकारात्मक एवं उचित कार्यवाही हेतु आश्वस्त किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत
सेवावीर परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन द्वारा इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने से पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक मर्यादा तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सकेगा।
Hemant Bhatt