... और हो गया ऐसा : दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लिए, कार में विदा हुई, प्रेमी के साथ बाइक पर भाग गई

... और हो गया ऐसा : दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लिए, कार में विदा हुई, प्रेमी के साथ बाइक पर भाग गई

दुल्हन का प्रेमी है तीन बच्चों का पिता

⚫ बाइक सवार आया कार के सामने और कहने लगा दुल्हन की मां की तबीयत ठीक नहीं

⚫ दुल्हन बाइक पर सवार होकर चली गई 

⚫ काफी देर तक नहीं लौटी तो दूल्हा पहुंचा ससुराल, तब पता चला

⚫ दुल्हन के पिता ने करवाई रिपोर्ट दर्ज

हरमुद्दा
गाजीपुर, 6 जून। दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लिए। कार में उसके साथ विदा भी हुई, मगर कुछ दूरी पर बाइक सवार आया कहने लगा कि दुल्हन की मां की तबीयत ठीक नहीं है, अभी मिलाकर लाता हूं। दुल्हन बाइक सवार के साथ बैठकर चली गई। दूल्हा इंतजार करता रह गया, जब वह ससुराल पहुंचा तो वस्तु स्थिति का पता चला। पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है। 

हुआ यह कि मंगलवार को भुड़कुड़ा थाना के गोडीहरा गांव से ईनवा तियरा गांव में बरात आयी थी। शादी के बाद बुधवार की सुबह विदाई के बाद दूल्हा और दुल्हन घर जा रहे थे। 

बाइक सवार आया और मेरी दुल्हन को ले गया मां से मिलाने

दूल्हा बृजेश कुमार ने बताया कि विदाई के बाद दुल्हन के घर से कुछ दूर जाने पर दुल्हन के बाइक सवार प्रेमी ने आकर उनकी कार रोकी। बोला कि दुल्हन की मां की तबीयत खराब हो गई है। अभी घर से भेंट करवाकर वापस आ रहा हूं। ऐसा कहकर वह युवक दुल्हन को बाइक पर बैठाकर चला गया।

ससुराल पहुंचे, तब पता चली हकीकत

काफी देर इंतजार के बाद भी जब दुल्हन नहीं लौटी तो दुल्हा उसे ढूंढते हुए अपनी ससुराल पहुंचा। तब वहां उसे दुल्हन के युवक के साथ फरार होने की जानकारी हुई। यह सुनकर वह दंग रह गया।

तीन बच्चों का पिता है आरोपी प्रेमी

दुल्हा पक्ष वालों ने बताया कि हमने लगभग दो लाख के आभूषण शादी में दुल्हन को दिए थे। वह सारे आभूषण लेकर फरार हो गई है। बिरनो थाने जाकर दुल्हा ने पुलिस को घटना से अवगत कराने के बाद घर लौट आया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार दुल्हन को भगाने का आरोपी प्रेमी शादीशुदा है और वह तीन बच्चों का पिता भी है।

दुल्हन के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा

दुल्हन के पिता ने बेटी को भगा कर ले जाने वाले तियरा गांव निवासी जितेंद्र चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।