कला सरोकार : "लफ़्ज़ों का सफ़र" में बिखरे साहित्य और शायरी के रंग
⚫ सारेगामा रतलाम के बैनर चले आयोजन
⚫ कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
हरमुद्दा
रतलाम, 10 जून। सारेगामा रतलाम के तत्वावधान में गुलाब चक्कर पर आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम "लफ़्ज़ों का सफ़र" (दूसरा सोपान) हुआ। कलाकारों के स्मृति चिह्न एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सारेगामा रतलाम के राकेश कुमार बोरिया ने हरमुद्दा को बताया कि आयोजन में नगर के साहित्य प्रेमियों, कवियों एवं शायरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रस्तुतकर्ताओं ने एक से बढ़कर एक शायरी, ग़ज़ल एवं कविता पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भावनाओं, संवेदनाओं, हास्य एवं व्यंग्य से ओत-प्रोत रचनाओं ने उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना प्राप्त की।

इन्होंने दी प्रस्तुतियां
इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार तिवारी, शैलेन्द्रसिंह पंवार, विपिन शर्मा, विवेक शर्मा, मयूर व्यास एवं दुर्गेश सुरोलिया ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को कभी भाव-विभोर किया तो कभी हास्य की मधुर फुहारों से गुदगुदाया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि श्रोताओं में उपस्थित कई साहित्य प्रेमियों ने भी मंच पर आकर अपनी स्वरचित रचनाओं का पाठ किया।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी रचनाकारों एवं प्रस्तुतकर्ताओं संस्था द्वारा प्रतीक चिह्न एवं अभिनंदन-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन कुलदीपसिंह चौहान ने किया।
Hemant Bhatt