रतलाम : भाजपा नेता व किराना व्यापारी कपिल जायसवाल ने की आत्महत्या
⚫ सुसाइड नोट में लिखी यह बात
हरमुद्दा
रतलाम, 6 अक्टूबर। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मावता से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां 44 वर्षीय भाजपा नेता और स्थानीय किराना व्यापारी कपिल जायसवाल ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए हरमुद्दा को बताया कि मृतक कपिल जायसवाल (44 वर्ष) लंबे समय से किराना व्यवसाय से जुड़े थे। इससे पूर्व वे एक ढाबा भी संचालित करते थे। वे अपने पीछे पत्नी, बच्चे, बड़े भाई और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस अचानक हुई घटना से परिवारजन गहरे सदमे में हैं और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मावता में भाजपा के दो ही नेता थे जिनमे एक संजय शर्मा थे, जिनका पहले ही निधन हो गया है। दूसरे सक्रिय नेता कपिल थे।
सुसाइड नोट में किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट के अनुसार, उन्होंने अपनी मर्जी से यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। साथ ही पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि उनकी मौत के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए और न ही किसी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद पहुंची कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर शुरुआती जांच की जा रही है, वहीं घटना के अन्य संभावित कारणों को जानने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
Hemant Bhatt