आंखों देखी : 40 मिनट में सब कुछ किया और सहा एनएसयूआई ने
⚫ विद्यार्थी हितों की 21 सूत्रीय मांगों को लेकर दो बत्ती चौपाटी से निकले मगर छात्र-छात्राएं नदारत
⚫ कुछ ही दूरी पर था कन्या महाविद्यालय
⚫ 20 मिनट पैदल मार्च, 20 मिनट में सब कुछ, प्रदर्शन नारेबाजी, वाटर कैनन गिरफ्तारी, रिहाई और ज्ञापन
हरमुद्दा
रतलाम, 4 अगस्त। मंगलवार को एनएसयूआई ने विद्यार्थियों के हित की 21 सूत्रीय मांगों को लेकर मार्च निकालकर विधायक निवास पहुंचने की मंशा जताई। मार्च निकालने से लेकर ज्ञापन देने तक की 40 मिनट की अवधि में 20 मिनट सड़क पर चले। जब निकले थे तब कारवां बड़ा था, पहुंचे तो कम पड़ गया। 20 मिनट में नारेबाजी भी हो गई। वाटर कैनन भी चल गई। एनएसयूआई अध्यक्ष सहित अन्य की गिरफ्तारी हो गई। रिहाई की मांग पर रिहा भी हो गए। एसडीएम को ज्ञापन दे दिया। चल दिए जिधर से आए थे उधर दो बत्ती तरफ।

क्या तैयारी और क्या योजना थी। यह तो प्रदर्शन से स्पष्ट नहीं हुआ क्योंकि दो बत्ती चौपाटी से मार्च मंगलवार को मध्याह्न 12 बजकर 20 मिनट पर निकलना शुरू हुआ। जहां से मांगों को लेकर निकले, वहां से कन्या महाविद्यालय कुछ कदमों की दूरी पर ही था। मगर ना तो वहां की छात्राएं नजर आई और ना ही अन्य महाविद्यालय के विद्यार्थी। आयोजन स्थल पर यह भी कहते सुना गया कि शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से प्रदर्शन करते हुए आते तो विद्यार्थी और भी साथ रहते।

दो बत्ती से निकलकर आगे बढ़ते हुए एनएसयूआई
12 : 40 पर पहुंचे कश्यप निवास के तिराहे पर
कैबिनेट मंत्री और शहर विधायक चैतन्य काश्यप के निवास पर ज्ञापन देने के लिए दो बत्ती चौपाटी से निकलकर 20 मिनट में पहुंचे। तब संख्या कुछ दर्जन थी
बैरिकेट्स लगाकर पुलिस बल रहा मुस्तैद

विधायक निवास के पहले लगाए गए डबल बैरिकेट्स
तकरीबन 20 मिनट बाद 12:40 पर नारेबाजी करते हुए विधायक निवास की ओर बढ़ रहे थे कि डबल बेरिकेटिंग्स के माध्यम से सभी को रोक लिया गया। सभी लोग नारेबाजी करते रहे "जब-जब भाजपा डरती है पुलिस को आगे करती है।" "पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद" के भी नारे लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की संख्या में काफी कमी देखी गई।
फिर शुरू हुई नारे बाजी

आयोजन स्थल पर आते हुए श्री जाट
तकरीबन 5 से 7 मिनट प्रदर्शन के बाद 12 बजकर 46 पर कांग्रेस नेता मयंक जाट भी आयोजन स्थल पर पहुंचे। फिर नारेबाजी शुरू हुई। एक दर्जन से अधिक प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। तीन-चार मिनट बैठे। 12:50 बजे डबल बैरिकेट्स की दूसरी तरफ से फायर ब्रिगेड के माध्यम से वॉटर कैनन चला। प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। इस दौरान 4-6 प्रदर्शनकारी बैरिकेट्स पर चढ़े। उतरे। एनएसयूआई अध्यक्ष नीलेश शर्मा सहित कुछ को गिरफ्तार कर पुलिस जेल वाहन में बिठाया गया।

वाटर कैनन के दौरान बैरिकेट्स पर चढ़ते हुए प्रदर्शनकारी
रिहा करो, रिहा करो की हुई नारेबाजी, रिहा होने के बाद दिया ज्ञापन

एसडीएम जैन को ज्ञापन देते हुए
2 मिनट फिर नारे बाजी हुई। रिहा करो, रिहा करो। बात हुई। 12 बजकर 55 मिनट पर पुलिस वाहन से पुनः सभी को ले आए। ज्ञापन का कुछ वाचन किया और एसडीएम तरुण जैन को सौंप दिया गया। 1 बजे सभी गंतव्य की ओर रवाना हो गए। इस दौरान कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी पार्षद दूर से नजारा देखते रहे।
काफी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात

पुलिस बल मुस्तैद
इस दौरान तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी, विभिन्न थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी गायत्री सोनी, मुनेंद्र गौतम, विक्रम सिंह चौहान, अनुराग यादव सहित काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दिल बहार चौराहे पर पुलिस के दर्जनों वाहन खड़े रहे, वहीं गिरफ्तारी पुलिस वाहन फ्रीगंज में भी रहा।

Hemant Bhatt