पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध MCX कारोबार का पर्दाफाश

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध MCX कारोबार का पर्दाफाश

मोबाइल डेटा से कई आईडी और बड़े पैमाने पर करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा

⚫ मुख्य आरोपी आदित्य गिरफ्तार

हरमुद्दा
रतलाम, 26 जून। आदिवासी एंजेल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमसीएक्स का पर्दाफाश किया है। मोबाइल डेटा से कई आईडी और बड़े पैमाने पर करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सरवन पुलिस ने अवैध MCX कारोबार एवं उससे जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

डिजिटल साक्ष्य में करोड़ों का लेनदेन

प्रकरण की जांच के दौरान अब तक उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर करोड़ों के संदिग्ध ट्रेडिंग ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। मामले में एक आरोपी आदित्य सोमानी को गिरफ्तार कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।

मुख्य आरोपी आदित्य सोमानी

6 जून को रतलाम के दिव्यांश सोनी ने दिया था आवेदन

 06 जून 2026 को आवेदक दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी, निवासी सैफी नगर, रतलाम द्वारा थाना सरवन में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई कि आदित्य पिता राजेश सोमानी, निवासी सरवन, द्वारा MCX ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई तथा बाद में उससे लगभग एक करोड़ रुपये की मांग की जा रही है।

शिकायत की हुई जांच

शिकायत की जांच उपरांत थाना सरवन में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्य

विवेचना के दौरान आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर उसके मोबाइल फोन एवं डिजिटल डेटा का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से अलग-अलग आईडी संचालित होना पाई गईं, जिनमें बड़े पैमाने पर MCX संबंधी ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं वित्तीय लेनदेन दर्ज मिले। अब तक के तकनीकी विश्लेषण में इन आईडी के माध्यम से करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने के संकेत प्राप्त हुए हैं। मामले की गहन जांच जारी है तथा प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर सरवन, सैलाना, रतलाम, महिदपुर, उज्जैन एवं मंदसौर क्षेत्र के कुछ अन्य व्यापारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

डिजिटल फोरेंसिक जांच जारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट करने का प्रयास किया गया था। मोबाइल को विस्तृत फोरेंसिक परीक्षण एवं डाटा रिकवरी के लिए साइबर विशेषज्ञों को भेजा जा रहा है। साथ ही बैंक खातों, डिजिटल भुगतान एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

विवेचना जारी

प्रकरण में वित्तीय लेनदेन की प्रकृति, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी तथ्यों की विस्तृत जांच जारी है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।