पुलिस कार्रवाई : रतलाम शहर से एक महिला सहित तीन और तस्कर गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई : रतलाम शहर से एक महिला सहित तीन और तस्कर गिरफ्तार

रतलाम पुलिस का एमडी ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

⚫ मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर लगातार कार्रवाई

⚫ 55 ग्राम एमडी ड्रग्स की जब्ती से शुरू हुई कार्रवाई

⚫ पूछताछ में सामने आया पूरा नेटवर्क

⚫ छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े तस्करों तक पुलिस की पैनी नजर

हरमुद्दा
रतलाम, 20 जून। रतलाम पुलिस का एमडी ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए रतलाम शहर से एक महिला सहित तीन और तस्कर गिरफ्तार किया है। 55 ग्राम एमडी ड्रग्स की जब्ती से कार्रवाई शुरू हुई थी। पूछताछ में पूरा नेटवर्क सामने आया। 
मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर लगातार कार्रवाई चल रही है। छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े तस्करों तक पुलिस की पैनी नजर है। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का अभियान  चल रहा है। 

पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर लगातार नए आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

मुखबिर सूचना पर 55 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 12 मई 2026 को थाना रिंगनोद पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए युनुस पिता सैय्यद हबीब, उम्र 46 वर्ष, निवासी वकील कॉलोनी, रतलाम को 55 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विस्तृत विवेचना प्रारंभ की गई।

पूछताछ में खुला तस्करी नेटवर्क, 06 अन्य आरोपी आए गिरफ्त में

पुलिस अधीक्षक श्री कुमार द्वारा प्रत्येक एनडीपीएस प्रकरण में केवल जब्ती तक सीमित न रहकर तस्करी की पूरी सप्लाई चेन एवं नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत मुख्य आरोपी से वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर की गई गहन पूछताछ में आमीर उर्फ अन्नू बाबा, आसिम एवं सुधीर कल्याणे के नाम सामने आए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों से मिली महत्वपूर्ण जानकारियों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर रतलाम शहर में सक्रिय एमडी ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों, जिनमें एक महिला आरोपी भी शामिल है, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे भी कार्रवाई जारी है।

नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने की रणनीति पर कार्य

 रतलाम पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध “नेटवर्क आधारित कार्रवाई” की रणनीति पर कार्य कर रही है। मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े सप्लायर्स एवं संगठित तस्करों तक पहुंच बनाकर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका 

कार्रवाई में एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप मालवीय, निरीक्षक आनंद सिंह आजाद (थाना प्रभारी रिंगनोद), उप निरीक्षक रघुवीर जोशी (चौकी प्रभारी ढोढर), प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, आरक्षक रविन्द्र सिंह चौहान एवं आरक्षक शोभाराम शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।