आरडीए की कार्रवाई : परशुराम विहार योजना में भवन निर्माण न करने वाले आवंटियों को जारी होंगे नोटिस
⚫ 4 साल बीतने के बाद भी शुरू नहीं किया भवन निर्माण
⚫ योजना के रहवासियों के प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन पर प्राधिकरण अध्यक्ष श्री पोरवाल ने दिए निर्देश
हरमुद्दा
रतलाम, 1 जून । रतलाम विकास प्राधिकरण अपनी परशुराम विहार योजना के उन भूखंड धारकों को भवन निर्माण के लिए नोटिस जारी करेगा, जिन्होंने भूखंड आवंटित होने की तिथि से चार वर्ष की अवधि व्यतीत हो जाने के उपरांत भी भवन निर्माण नहीं किया है।

योजना के रहवासियों के एक प्रतिनिधि मंडल द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सोमवार को प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल से कार्यालय में भेंट के दौरान अध्यक्ष ने निर्देश जारी किए।
अन्यथा होगी लीज निरस्ती की कार्रवाई
अध्यक्ष पोरवाल ने कहा कि प्राधिकरण की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों को मिले एवं आवंटित भूखंडों का दुरुपयोग न हो, इस दृष्टि से लीज की शर्तों के अनुसार भूखंडों के आवंटियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में भवन निर्माण कराया जाना अनिवार्य है, इसके उल्लंघन पर लीज निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बंजलि पंचायत के समन्वयी से किया जाएगा समस्याओं का समाधान
रहवासियों की अन्य समस्याओं का संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष ने बताया कि बंजली पंचायत के सहयोग एवं समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण करवाया जाएगा। योजना की साफ-सफाई के लिए नगर निगम से प्राक्कलन मांगे गए हैं, जिनके प्राप्त होते ही योजना में साफ -सफाई का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। क्षेत्र में सुचारू जल व्यवस्था प्रारंभ करने की दृष्टि से एक बोर चालू कराया जाकर पूर्व निर्मित संपवेल में पानी भरने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र वासियों को निर्बाध रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
उद्यान का होगा सौंदर्यीकरण
अध्यक्ष पोरवाल ने बताया कि कॉलोनी के प्रवेश द्वार को भी व्यवस्थित रूप से पुन:निर्मित किए जाने के निर्देश दे दिए गए हैं एवं अविकसित उद्यान का भी सोलर लाइट्स आदि के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे योजना का स्वरूप आकर्षक रूप से निखरेगा।
स्ट्रीट लाइट चालू होने पर माना आभार
योजना की स्ट्रीट लाइट्स को तत्काल चालू कराए जाने के लिए रहवासियों द्वारा प्राधिकरण अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया गया। स्ट्रीट लाइट्स बंद होने की समस्या संज्ञान में आने पर अध्यक्ष ने व्यक्तिगत स्तर पर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से समन्वय स्थापित कर योजना की स्ट्रीट लाइट्स चालू करा दीं हैं। वहीं योजना के रहवासियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अध्यक्ष के समक्ष उठाई मांग पर उन्होंने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी से दूरभाष पर चर्चा कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाये जाने के लिए कहा। योजना में स्वच्छता के दृष्टिगत कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंचाये जाने हेतु भी उन्होंने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी से व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
यह थे मौजूद
प्राधिकरण अध्यक्ष से भेंट करने आए रहवासियों के प्रतिनिधि मंडल में परशुराम विहार योजना समिति के अध्यक्ष अखिलेश श्रोत्रिय, एडवोकेट, उपाध्यक्ष रामचंद्र भगोरा एवं अन्य नागरिक गण सर्व श्री भूप्रकाश मालवीय, हरीराम वर्मा, राजेश परमार, नितेन वर्मा, योगेंद्र गर्ग,नरेंद्र सिंह, भगवत प्रसाद शर्मा, तेज कुमार गौड़, अनिष भगोरा, एस. एच.बोरासी आदि सम्मिलित थे।
Hemant Bhatt