धर्म संस्कृति : खोलो दया के द्वार प्रभुजी अब खोलो दया के द्वार

धर्म संस्कृति : खोलो दया के द्वार प्रभुजी अब खोलो दया के द्वार

सागोद तीर्थ के नूतन देरासर का द्वार उद्घाटन

⚫ समाज ट्रस्ट ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया

हरमुद्दा
रतलाम, 10 मई। प्रभु से इन भक्तिभाव से परिपूर्ण प्रार्थना के स्वरों के साथ बंधु बेलड़ी आचार्य श्री प्रतिष्ठाचार्य जिन-हेमचन्द्रसागर सूरीश्वर जी म.सा. की मुख्य निश्रा में सागोद तीर्थ के नूतन जिनालय का रजत ताला खोलकर द्वार उद्घाटन हुआ । लाभार्थी स्व. बसंतकुमार स्व. शांताबेन पोरवाल एस.जी.गोल्ड परिवार ने सम्पूर्ण विधिविधान के साथ द्वार उद्घाटन किया।

एस.जी.गोल्ड परिवार ने किए प्रथम दर्शन 

श्री वीसा पोरवाल जैन श्वेताम्बर तीर्थ ट्रस्ट सागोदिया ट्रस्ट द्वारा आयोजित अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव का शनिवार को समापन हो गया। 11 दिवसीय महोसव के समापन पर ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष एवं द्वार उद्घाटन लाभार्थी निलेश पोरवाल एस.जी.गोल्ड परिवार आचार्यश्री की निश्रा में चल समारोह के साथ नूतन जिनालय पर पहुँचे। जहां आचार्यश्री के साथ सभी ने तीर्थ मूलनायक दादा आदिनाथ जी से सस्वर सामूहिक प्रार्थना स्तवना 'खोलो दया के द्वार प्रभुजी...’ के साथ की गई। मंगल मुहूर्त में रजत ताला को रजत चाबी से सर्वप्रथम खोलकर पोरवाल परिवार ने सबसे पहले दर्शन और वंदन का लाभ लिया। मातुश्री लाडकुंवर एवं किरण- अलकाबहन पोरवाल ने सकल श्रीसंघ को प्रभु की मनोहारी छबि के दर्शन के लिए आमंत्रित किया । सत्तरभेदी पूजन के लाभार्थी स्व. वस्तिमल - स्व.कमलाबेन बम्बईवाला परिवार ने पूजन किया।

सहयोग - सामंजस्य से संकल्प साकार - आचार्यश्री


यहां तीर्थ मार्गदर्शक आचार्य श्री प्रसन्नचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, आचार्य श्री विरागचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, आचार्य श्री पदमचन्द्रसागर सूरिजी म.सा. एवं आचार्य श्री आनंदचन्द्रसागर सूरिजी साध्वी श्री सौम्ययशाश्रीजी म.सा.आदि ठाणा की निश्रा रही। आचार्य श्री ने कहा कि वीसा पोरवाल समाज के पूर्वजों ने 175 साल पहले यंहा तीर्थ में भव्य देवविमान सदृश्य जिनालय का जो स्वप्न देखा था, वह स्वप्न आज समाज ने पूरा कर दिखाया है। सभी के सहयोग और सामंजस्य से यह संकल्प साकार हुआ है, जिसका श्रेय सम्पूर्ण समाज को है। अब जल्द ही यहां तीर्थ में उपाश्रय, धर्मशाला और भोजनशाला आदि के निर्माण की योजना है।

महातीर्थ का स्वरूप लेगा- श्री पोरवाल

इस अवसर पर ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष निलेश पोरवाल ने कहा कि सागोद तीर्थ में भव्य जिनालय निर्माण और दिव्य प्रतिष्ठा महोत्सव ने इतिहास रच दिया है। 150 वर्ष से भी अधिक प्राचीन सागोद तीर्थ अब नये स्वरूप में है। निकट भविष्य में यह महातीर्थ का स्वरूप लेगा। वरिष्ठ सदस्य सुरेन्द्र पोरवाल, वीरेंद्र पोरवाल, डॉ.अजय जैन, राजकुमार जैन, मणिलाल पोरवाल, अचलचंद देवसूरीवाला, ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष निलेश पोरवाल, सचिव दिलेश पोरवाल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र काकडीवाला, मंगल जगावत एवं वरुण पोरवाल आदि ने बंधु बेलड़ी आचार्य श्री श्रमण परिवार एवं समाज के प्रति अहोभावपूर्वक कृतज्ञता ज्ञापित की । खेडापति हनुमान जी मन्दिर महंत श्री लक्ष्मणदासजी का समाज की ओर से बहुमान किया गया। महोत्सव में युवा नेता मयंक जाट सहित विशिष्टजन शामिल हुए।

रविवार को गोल्ड सिटी में 

बंधु बेलड़ी आचार्य श्री का अपने विशाल श्रमण परिवार के साथ रविवार 11 मई को करमदी क्षेत्र में स्थित गोल्ड सिटी में मंगल पदार्पण एवं व्याख्यान होगे। सायंकाल बिबडोद तीर्थ में पधारेंगे।