पत्नी की धमकी : मानसी ने दी पति प्रेम को धमकी, राजा रघुवंशी जैसा कर दूंगी हाल

पत्नी की धमकी : मानसी ने दी पति प्रेम को धमकी, राजा रघुवंशी जैसा कर दूंगी हाल

2 साल पहले ही आर्य समाज में शादी की प्रेम ने मानसी के साथ

⚫ पति ने करवाया एयर होस्टेस के लिए पत्नी का एडमिशन

⚫ सिटी बस में किसी ओर को दिल दे बैठी पत्नी

⚫ पति ने की पुलिस थाने में शिकायत

हरमुद्दा
इंदौर, 21 जून। पत्नी के अफेयर पर आपत्ति जताई तो वह धमकी दे रही है कि मैं तुम्हारा हाल राजा रघुवंशी की तरह कर दूंगी। ऐसी शिकायत पति ने थाने में की है। पति का कहना है कि मुझे ऐसी पत्नी से बचाया जाए। अब मुझे उसके साथ नहीं रहना। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस थाने पर शिकायत करने वाले का नाम प्रेम है, जो कि बाबू मुरारी कॉलोनी में रहता है। वैसे मुलत: प्रेम दमोह का निवासी है और देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर मशीन ऑपरेटर है। उसने एरोड्रम पुलिस थाने पर पत्नी की शिकायत की है। इसमें उसने पत्नी मानसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

2 साल पहले की शादी आर्य समाज में प्रेम और मानसी ने

उसने दो साल पूर्व ही आर्य समाज में मानसी से शादी की थी। प्रेम ने ही एयर होस्टेज के लिए एडमिशन करवाया था। सिटी बस में दीपक नामक युवक से दोस्ती हो गई और दोनों में प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद अब पत्नी मानसी मुझे ही धमका रही है। उधर मानसी ने कहा- वह उसके साथ नहीं रहना चाहती। मारपीट करने के कारण उसे छोड़ दिया है।

अफेयर पर आपत्ति उठाई तो दे रही धमकी

प्रेम नारायण का कहना है कि मैं पत्नी को एयर होस्टेज की ट्रेनिंग दिलवा रहा था, ताकि वो मेरे साथ एयरपोर्ट पर अच्छी नौकरी कर सके। लेकिन वो तो किसी और को ही सिटी बस में दिल दे बैठी। जब उसके अफेयर की बात मुझे पता चली तो आपत्ति जताई, इसके बाद वो मुझे मारने की धमकी देने लगी। वो मुझसे कहती है कि तुम्हारा हाल राजा रघुवंशी की तरह बना दूंगी।

पति ने कहा कभी भी करवा सकती मुझे खत्म

पति ने शिकायत में कहा कि मैं पत्नी की इन धमकियों से परेशान हो गया हूं। मैं अब उसके साथ नहीं रहना चाहता, वो मुझे कभी भी खत्म कर सकती है। पुलिस ने इस मामले में पति की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।