रतलाम में मेडिकल कॉलेज की 22 वर्षीय सुरक्षा गार्ड ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

रतलाम में मेडिकल कॉलेज की 22 वर्षीय सुरक्षा गार्ड ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

युवती थी घर पर अकेली

⚫ जांच में जुटी पुलिस

हरमुद्दा
​रतलाम, 8 सितंबर। शहर के शिवनगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शासकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत 22 वर्षीय नाजमीन खान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती घर पर अकेली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

मृतक नाजमीन

शिफ्ट पूरी कर लौटी थी घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाजमीन (पिता जफर खान) शासकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में सेवाएं दे रही थी। रविवार रात वह अपनी दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे की ड्यूटी पूरी कर घर वापस लौटी थी। सोमवार सुबह उसने अपने परिवारजनों के साथ सामान्य रूप से खाना खाया। इसके बाद उसकी मां और छोटा भाई अपने-अपने काम के लिए निकल गए।

​दरवाजा तोड़ा तो बल्ले पर लटकी मिली बेटी

नाजमीन के पिता जफर खान, जो कटारिया फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड हैं, जब सोमवार सुबह लगभग 10 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचे, तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज देने और खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर का नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए; नाजमीन बल्ली से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन तुरंत उसे उतारकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आत्महत्या के कारणों की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। युवती के पास से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। अचानक उठाए गए इस कदम से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल है।