स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर प्रशासन सख्त: खटारा बस पर रोक

स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर प्रशासन सख्त: खटारा बस पर रोक

नियम तोड़ने वाले वाहनों से वसूला जुर्माना

⚫ 20,000 का जुर्माना वसूला

⚫ अनफिट बस के संचालन पर रोक, सुधार के बाद ही मिलेगी अनुमति

⚫ जून में 107 वाहनों का परीक्षण, 8 लाख से अधिक जुर्माना वसूल

हरमुद्दा
​रतलाम, 3 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है।
जिले के विभिन्न स्कूलों में संचालित होने वाली बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना परमिट और बिना पीयूसी (PUC) दौड़ रही बसों पर कार्रवाई करते हुए ₹20,000 का जुर्माना वसूला गया, वहीं एक खटारा बस के संचालन पर रोक लगा दी गई। जून में 107 वाहनों का परीक्षण कर 8 लाख से अधिक की राशि वसूली गई।

 कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मिशा सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जिला परिवहन अधिकारी (DTO) जगदीश बिल्लोरे और उनकी टीम ने शुक्रवार को प्रभावी कार्रवाई की।

​अनफिट बस के संचालन पर रोक, सुधार के बाद ही मिलेगी अनुमति

टीम को ​चेकिंग के दौरान एक स्कूल बस की हालत बेहद खस्ताहाल मिली। इस वाहन का फर्श और छत पूरी तरह खराब हो चुके थे, केबिन नियमों के मुताबिक नहीं था और सबसे गंभीर बात यह कि आपातकालीन खिड़की व दरवाजा भी काम नहीं कर रहे थे। विभाग ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए स्कूल संचालक को निर्देशित किया है कि इस बस को पूरी तरह दुरुस्त कराने के बाद ही आरटीओ कार्यालय में दोबारा निरीक्षण के लिए पेश करें। तब तक इस बस को चलाने की अनुमति नहीं होगी।

​इन सुरक्षा उपकरणों की हुई बारीकी से जांच

​परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल बसों को चलाकर उनके स्पीड गवर्नर (गति नियंत्रक) को परखा, जो चालू हालत में मिले। 

इसके अलावा बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की गई:
​परमिट, फिटनेस, बीमा और पीयूसी (प्रदूषण कार्ड)।
​आपातकालीन खिड़की, फर्स्ट एड बॉक्स और पैनिक बटन।
​व्हीएलटीडी (VLTडी) ट्रैकिंग सिस्टम और फायर अलार्म।

​चालकों को ट्रेनिंग

चेकिंग के दौरान ड्राइवरों और अटेंडरों से खुद अग्निशमन यंत्र चलवाकर देखे गए और उन्हें आपातकालीन स्थिति से निपटने की तकनीक सिखाई गई।

​जुर्माने की कार्रवाई

​⚫ एक बस: वैध परमिट न होने पर ₹5,000 का समझौता शुल्क वसूला गया।

​⚫ 3 बसें: वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) न होने पर ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया।

​जून में अवैध परिवहन करने वाले 107 वाहनों से वसूला ₹8.08 लाख का टैक्स और जुर्माना

​सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों और टैक्स चोरों के खिलाफ भी परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिला परिवहन अधिकारी और प्रभारी परिवहन चेक पॉइंट रतलाम द्वारा संयुक्त रूप से जून 2026 में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और निर्धारित सीमा से बाहर माल निकालकर चलने वाले कुल 107 वाहनों को पकड़ा गया। इन सभी वाहनों से मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए कुल ₹8,08,539 की राशि शासन के खाते में जमा कराई गई।

​वसूली का गणित

⚫ ​समझौता शुल्क (जुर्माना): ₹3,57,000

⚫ ​बकाया मोटरयान कर (टैक्स): ₹4,51,539

⚫ ​कुल वसूली: ₹8,08,539