सराफा कारोबारी राकेश सकलेचा को मिली जान से मारने की धमकी

सराफा कारोबारी राकेश सकलेचा को मिली जान से मारने की धमकी

⚫  व्हाट्सएप पर भेजे अश्लील मैसेज

⚫ आरोपी 'पिंकू मिर्ची' पर केस दर्ज

हरमुद्दा
​रतलाम, 25 अगस्त। शहर के सराफा बाजार के प्रमुख कारोबारी राकेश सकलेचा (उर्फ पप्पू सेंक्सी) को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी देने और गालियां भेजने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरियादी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



​घास बाजार निवासी फरियादी श्री सकलेचा के अनुसार, घटना सोमवार देर रात की है। रात लगभग 10:16 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात वॉइस कॉल आया, जिसे वे रिसीव नहीं कर सके। इसके ठीक दो मिनट बाद (10:18 बजे) आरोपी नितेश (उर्फ पिंकू मिर्ची) के नंबर से लगातार 10 वॉइस मैसेज प्राप्त हुए।

गालियां देकर डिलीट किए मैसेज

जब कारोबारी सकलेचा ने प्राप्त वॉइस रिकॉर्डिंग सुनी, तो उसमें आरोपी नितेश उन्हें न सिर्फ जान से मारने की सीधी धमकी दे रहा था, बल्कि मां-बहन की बेहद अश्लील व भद्दी गालियां भी बक रहा था। गालियां और धमकियां देने के कुछ ही समय बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से व्हाट्सएप का 'डिलीट फॉर एवरीवन' फीचर इस्तेमाल कर वे सभी वॉइस मैसेज डिलीट कर दिए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना से सहमे कारोबारी ने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी नितेश उर्फ पिंकू मिर्ची के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से डिलीट किए गए वॉइस मैसेज के तकनीकी साक्ष्य जुटाने और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।