पुलिस कार्रवाई: 2.5 करोड़ की MD ड्रग्स और क्रेटा कार जब्त
⚫ नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर
⚫ जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार
हरमुद्दा
रतलाम, 25 अगस्त। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कालूखेड़ा की मावता पुलिस चौकी टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नाकाबंदी कर 2.495 किलोग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹2.50 करोड़ आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ₹20 लाख की हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर
मावता चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को गुप्त सूचना मिली थी कि लखन मीणा अपने तीन साथियों के साथ काले रंग की क्रेटा कार (RJ 27 CP 3608) में भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रानीगांव फंटे पर तुरंत नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध कार के आते ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
जंगल में कार छोड़ भागे आरोपी
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तस्करों का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी वाहन को बिलंदपुर-चिपिया के कच्चे व उबड़-खाबड़ रास्ते की ओर ले गए। आगे रास्ता खराब होने के कारण आरोपी बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में ही क्रेटा कार छोड़कर झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस बल द्वारा आसपास के खेतों और जंगलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके।
कार्रवाई एवं जब्ती
अवैध MD ड्रग्स 2 किलो 495 ग्राम (अनुमानित कीमत: ₹2.50 करोड़)
वाहनों की जब्ती हुंडई क्रेटा कार RJ 27 CP 3608 (अनुमानित कीमत: ₹20 लाख)
कुल जप्त मशरूका ₹2.70 करोड़
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
प्रकरण में मुख्य आरोपी लखन पिता भेरुलाल मीणा (निवासी भाकरखेड़ी, थाना कालूखेड़ा) और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ इस पूरे सप्लाई नेटवर्क, ड्रग्स के मुख्य स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।
सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, थाना प्रभारी कालूखेड़ा; उप निरीक्षक दिनेश राठौर, चौकी प्रभारी मावता; प्रधान आरक्षक विजय निनामा, आरक्षक यशवंत जाट, आरक्षक नितीन जोशी, आरक्षक हिम्मतसिंह चौहान, आरक्षक पवन जाट, आरक्षक कमलेश बुनकर, आरक्षक राजपालसिंह, आरक्षक अनिल पाटीदार, आरक्षक लक्ष्मणसिंह एवं महिला आरक्षक योगिता की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
Hemant Bhatt