रतलाम में एक करोड़ की वसूली के लिए महिला पर फायरिंग का मामला: हाईकोर्ट से मुख्य आरोपी आदित्य सोमानी की जमानत याचिका खारिज
⚫ अन्य दो फरार आरोपियों के खिलाफ रतलाम कोर्ट ने जारी किए गिरफ्तारी वारंट
हरमुद्दा
रतलाम, 27 नवंबर। एक करोड़ रुपये की वसूली के लिए घर में घुसकर महिला पर जानलेवा फायरिंग कराने के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी आदित्य सोमानी को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय (इंदौर खंडपीठ) से बड़ा झटका लगा है। माननीय उच्च न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जमानत याचिका सिरे से खारिज कर दी है। दूसरी ओर, इसी प्रकरण में पैरोल पर छूटने के बाद फरार हुए दो अन्य आरोपियों के खिलाफ रतलाम न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
अपराध की गंभीरता देख हाईकोर्ट ने नहीं दी राहत
थाना दीनदयाल नगर के अपराध क्रमांक 459/2026 के इस मामले में आरोपी आदित्य सोमानी की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 483 के तहत प्रथम जमानत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। 23 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति श्री गजेन्द्र सिंह की पीठ ने फरियादी कमल सोनी एवं देवांश सोनी के कथनों, अपराध की प्रकृति और साक्ष्यों पर विचार किया। राज्य शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता हेमंत शर्मा ने जमानत का कड़ा विरोध किया। न्यायालय ने आरोपी को इस स्तर पर जमानत का लाभ देना उचित नहीं मानते हुए याचिका निरस्त कर दी।
पैरोल से फरार दो आरोपियों पर कसा शिकंजा
मामले की जानकारी देते हुए शासकीय अधिवक्ता संजीव सिंह चौहान ने हरमुद्दा को बताया कि इस प्रकरण के दो अन्य आरोपी गोलू बाबा उर्फ योगेंद्र और विकास टांक को पूर्व में पैरोल पर रिहा किया गया था। लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी दोनों आरोपियों ने न्यायालय में समर्पण नहीं किया। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए अष्टम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया ने दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं।
क्या था पूरा मामला?
अभियोजन के अनुसार, 19 जून 2026 को चेहरे पर कपड़ा बांधे दो बदमाश मोटरसाइकिल से फरियादी कमल सोनी के घर पहुंचे थे। जैसे ही कमल सोनी की पत्नी मनीषा सोनी ने खिड़की से बाहर झांका, बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से उन पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते नीचे झुक जाने से मनीषा सोनी की जान बच गई और गोली खिड़की का कांच तोड़ते हुए निकल गई।
शूटरों को दिया था काम
पुलिस विवेचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी आदित्य सोमानी ने एक करोड़ रुपये की वसूली के लिए गोलू बाबा उर्फ योगेंद्र और विनू शर्मा के माध्यम से शूटरों को इस वारदात को अंजाम देने के लिए लगाया था।
Hemant Bhatt