विकास कार्यों में ढिलाई पर कलेक्टर सख्त

विकास कार्यों में ढिलाई पर कलेक्टर सख्त

प्रदेश में जिले को बेहतर स्थिति में लाएं अधिकारी

⚫ बड़ावदा व धामनोद में पीएम स्वनिधि की सुस्त रफ्तार पर दिए सुधार के निर्देश

हरमुद्दा
​रतलाम, 10 सितंबर। जिले के सभी नगरीय निकायों में जारी विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक कार्य की स्थिति प्रदेश स्तर पर शीर्ष और बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने हिदायत दी कि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में विशेष समस्या आने पर अधिकारी तत्काल वरिष्ठ स्तर पर अवगत कराएं ताकि उसका समय पर समाधान निकाला जा सके।


​बड़ावदा और धामनोद निकाय को अल्टीमेटम

पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बड़ावदा और धामनोद नगरीय निकायों की कमजोर स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने इन दोनों निकायों में व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योजना के तहत जितने भी स्वीकृत लोन और वितरण कार्य लंबित हैं, उन्हें तत्काल वितरित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।  

मूलभूत सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यापक समीक्षा

बैठक में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की बिंदुवार समीक्षा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं।

पीएम आवास योजना (शहरी 2.0): पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
​अमृत योजना: सीवरेज कार्य, फिल्टर प्लांट, पंप स्थापना और ओवरहेड वाटर टैंक निर्माण की प्रगति की जांच।

​पेयजल व सौंदर्यीकरण: जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ शहर में पार्कों के निर्माण और वॉटर बॉडी रिजर्वेशन (जल निकायों के संरक्षण) के कार्यों को गति देने पर जोर।  

​'संकल्प से सिद्धि' अभियान की तैयारियों पर जोर

कलेक्टर ने आगामी 'संकल्प से सिद्धि' अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने जिले के सभी सीएमओ को अभियान से जुड़ी आवश्यक प्रशासनिक व मैदानी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने की हिदायत दी ताकि आमजन तक शासन की योजनाओं का लाभ त्वरित गति से पहुंचाया जा सके।

यह थे मौजूद

बैठक में नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, डूडा के परियोजना अधिकारी (पीओ) अरुण पाठक सहित जिले के समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) उपस्थित रहे।