सकरी गली में मौत का रिवर्स! रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवक को रौंदा, सीने में घुसा ट्रॉली का हिस्सा, नानी गंभीर

सकरी गली में मौत का रिवर्स! रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवक को रौंदा, सीने में घुसा ट्रॉली का हिस्सा, नानी गंभीर

⚫ ​रतलाम के बजरंग नगर में हुआ दर्दनाक हादसा; नानी के साथ परिचित के घर आ रहा था 21 वर्षीय मुरेन खान

⚫ ​मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने युवक को घोषित किया मृत

⚫ सालाखेड़ी चौकी पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक पर दर्ज किया केस

हरमुद्दा
​रतलाम, 7 अक्टूबर। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली सालाखेड़ी चौकी के बजरंग नगर में बुधवार को एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 21 वर्षीय युवक की जान ले ली। संकरी गली में ट्रैक्टर-ट्रॉली को रिवर्स लेते समय हुए इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक के सीने में ट्रॉली का हिस्सा जा घुसा, जिससे उसकी मौके के पास ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक की नानी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है।​

जानकारी के अनुसार, शेरनीपुर निवासी मुरेन खान (21) अपनी नानी खुर्शीद बी को बाइक पर बैठाकर बजरंग नगर में एक परिचित के घर जा रहे थे। जब वे गली में पहुंचे, तो वहां रेती से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी हुई थी। चालक संकरी गली से निकलने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेजी से रिवर्स ले रहा था। इसी दौरान पीछे बाइक पर खड़े मुरेन और उनकी नानी ट्रॉली की चपेट में आ गए।

सीने में घुसा ट्रॉली का हिस्सा, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली का एक हिस्सा मुरेन के सीने में जा धंसा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों को लहूलुहान हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मुरेन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नानी खुर्शीद बी का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब्त, मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही सालाखेड़ी चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।