जेठाना में हुए खूनी संघर्ष मामले में पांच लोग गिरफ्तार, कुछ फरार
⚫ युवक और युवती है गुरुवार से लापता
⚫ युवती के परिजनों व मामा परिवार ने किया था युवक के परिवार पर हमला
⚫ तीन घायलों का चल रहा है इलाज
⚫ युवक युवती तथा फरार आरोपियों की तलाश
हरमुद्दा
रतलाम 27 जून। जिले के कालूखेड़ा थाना अंतर्गत जेठाना गांव में गुरुवार की रात हुई फायरिंग और खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। लापता हुए युवक युवती और मारपीट के कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। घटना में घायल हुए तीन लोगों का उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में गांव का ही लक्की सिंह राजपूत और आंजना परिवार की युवती लापता हो गए थे। युवती के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई और शक लक्की सिंह पर हुआ। पुलिस ने थाना कालुखेड़ा के अपराध क्रमांक 135/2026 धारा धारा 191(2), 191(3), 109, 115(2),296,351(3), 331(6),125,324(4) BNS में प्रकरण दर्ज किया।
रात को हुआ विवाद और खूनी संघर्ष
गुरुवार को दोपहर में लड़की वाले लड़के के यहां पर गए थे और बात के बाद विवाद हुआ और मामला शांत हो गया था। मगर रात को लड़की के मामा पक्ष के लोग आए और लड़के पक्ष से विवाद के दौरान फायरिंग हुई जिसमें तीन लोग घायल हुए। घायल ऋतुराज पिता जगदीश आंजना (33 ), जगदीश पिता भंवरलाल आंजना (50 वर्ष), विक्रम पिता वजहराम आंजना (40 वर्ष) तीनों का इलाज चल रहा है।
इनको किया पुलिस ने गिरफ्तार
थाना प्रभारी श्री चौहान ने बताया कि इस मामले में लड़की पक्ष के शंकरलाल पिता मन्नालाल आंजना (70) निवासी जेठाना, विजय पिता जीवनलाल आंजना (26) साल निवासी जेठाना और अमृतलाल पिता किशनलाल आंजना (40) निवासी जेठाना थाना कालुखेड़ा जिला रतलाम तथा लड़के पक्ष दिलावरसिंह उर्फ बन्नुसिंह पिता दलपतसिंह राजपूत (45) निवासी जेठाना एवं भेरुसिंह पिता सरदारसिंह राजपूत (34) निवासी माउखेड़ी थाना भावगढ जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दोनों पक्ष के कुछ आरोपी भी फरार है जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। गांव में स्थिति अब शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।
पुलिस कर रही युवक युवती की भी तलाश
पुलिस इस मामले में गांव से लापता हुए युवक युवती की तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार युवक युवती ने 12वीं की परीक्षा एक साथ दी है, तभी से वह एक दूसरे को जानते हैं।
Hemant Bhatt