रतलाम पुलिस की पहल : ‘हिट एंड रन’ पीड़ितों को दिलाई ₹31.50 लाख की आर्थिक सहायता

रतलाम पुलिस की पहल : ‘हिट एंड रन’ पीड़ितों को दिलाई ₹31.50 लाख की आर्थिक सहायता

‘राह वीर योजना’ के तहत मददगारों को भी मिलेगा सम्मान

हरमुद्दा
रतलाम, 26 मई। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों एवं मृतकों के परिजनों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 


पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में ‘हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना’ एवं ‘राह वीर योजना’ के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

हिट एंड रन’ पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत ₹31.50 लाख की राहत राशि दिलाई

सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा ‘हिट एंड रन’ मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुए कुल 123 प्रकरण स्वीकृति हेतु कलेक्टर कार्यालय भेजे गए थे। इनमें से 33 प्रकरणों में जनरल इंश्योरेंस काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा भुगतान स्वीकृत कर कुल ₹31,50,000/- (इकतीस लाख पचास हजार रुपये) की आर्थिक सहायता राशि जारी की गई है।

मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता

सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के 10 गंभीर प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को कुल ₹20,00,000/- (बीस लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत एवं संबल प्राप्त हो सके।

गंभीर घायलों को मिली सहायता

दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल 23 पीड़ितों को कुल ₹11,50,000/- (ग्यारह लाख पचास हजार रुपये) की आर्थिक सहायता दिलाई गई है। शेष लंबित प्रकरणों में भी भुगतान की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

‘राह वीर योजना’ के तहत मददगारों को मिलेगा सम्मान

सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु रतलाम पुलिस द्वारा ‘राह वीर योजना’ के अंतर्गत भी कार्यवाही की जा रही है। योजना के तहत अब तक 07 प्रकरण तैयार कर स्वीकृति हेतु कलेक्टर कार्यालय भेजे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 08 अन्य प्रकरण भी तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें प्रशासनिक स्वीकृति उपरांत परिवहन आयुक्त कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।

मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य

 सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ‘राह वीर योजना’ का उद्देश्य ऐसे मददगार नागरिकों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना है, ताकि अधिक से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।रतलाम पुलिस द्वारा भविष्य में भी सड़क सुरक्षा, दुर्घटना पीड़ित सहायता एवं जनजागरूकता संबंधी अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।

अमित कुमार,  पुलिस अधीक्षक रतलाम