रेलयात्री सरोकार : संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, इसी दृष्टिकोण से नियमित निरीक्षण

रेलयात्री सरोकार : संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, इसी दृष्टिकोण से नियमित निरीक्षण

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार ने कहा

 ⚫ रतलाम–चित्तौड़गढ़ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे (प्रभारी) ने

हरमुद्दा
रतलाम, 17 मार्च। रतलाम-चित्तौड़गढ़ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार रतलाम मंडल के प्रवास के दौरान किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का समग्र मूल्यांकन करना था।

चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा के दौरान महाप्रबंधक श्री कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सिग्नलिंग प्रणाली, ट्रैक की स्थिति, पुलों की संरचना तथा विद्युतीकरण कार्यों का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दृष्टिकोण से नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं।

दोहरीकरण कार्य का लिया जायजा

महाप्रबंधक ने बताया कि नीमच-रतलाम रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया। यह कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। मंदसौर–दलौदा तथा रतलाम–धौसवास खंड के लगभग 18 किलोमीटर हिस्से में कार्य शीघ्र पूर्ण होने की संभावना है। इस परियोजना के पूर्ण होते ही चित्तौड़गढ़-रतलाम रेलखंड पूर्ण रूप से दोहरीकृत हो जाएगा। इससे मालगाड़ियों एवं यात्री गाड़ियों के संचालन में सुगमता आएगी। क्रॉसिंग संबंधी समस्याएं समाप्त होंगी। यात्रियों का यात्रा समय कम होगा।

मंदसौर रेलवे स्टेशन के कार्यों को भी देखा

निरीक्षण के दौरान मंदसौर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। यहां नई स्टेशन बिल्डिंग, फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर प्रगति पर है।

स्टेशन पुनर्विकास की योजना अंतिम चरण में

महाप्रबंधक श्री कुमार ने यह भी जानकारी दी कि चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की योजना अंतिम चरण में है और इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं सुरक्षित रेल संचालन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण में यह थे साथ

इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।